Balrampur News: साल 2022 के अंतिम महीने में पहुँचे बृजमोहन… हुआ आतिशी स्वागत.. लेकिन कमारी में ली कार्यकर्ताओ की क्लास!

बलरामपुर..(कृष्णमोहन कुमार)..पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कमारी में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं की क्लास ली। उन्होंने सीधे और स्पष्ट तौर पर पूछा कि बूथ लेवल पर कार्यकर्ता कितने सक्रिय भूमिका में है। उनकी नाराजगी यह दर्शा रही थी कि जिस तरह से उनकी आतिशी स्वागत में कार्यकर्ताओं का हुजूम था। उस तरह से कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर शायद एक्टिव नही है, और वे उन्हें एक्टिवेट करने की कवायद में जुटे है।

छत्तीसगढ़ में साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने वाले है और मौजूदा दौर में राज्य में कांग्रेस सत्तासीन है। जहाँ एक ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम के जरिये जनता की नब्ज टटोल रहे है, तो वही दूसरी ओर विपक्ष की भूमिका में मौजूद भाजपा केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर लोगो तक पहुँच रही है। जिसके तहत “मोर आवास मोर अधिकार” की तमाम गतिविधियां प्रदेश में देखने को मिल रही है और बैठकों का दौर जारी है।

इसी कड़ी में भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल आज बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर है। उनके साथ भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहिले, सरगुजा भाजपा के प्रभारी संजय श्रीवास्तव भी शामिल है।

दरअसल, साल 2022 के अंतिम पखवाड़े में भाजपा के कद्दावर नेताओ के बलरामपुर में जमावड़े ने सियासी हलचल तेज कर दी है और जिस जिला स्तरीय बैठक में बृजमोहन अग्रवाल शामिल हो रहे है। वह बैठक कई मायनों में अहम मानी जा रही है। वर्तमान समय मे सामरी विधानसभा पर कांग्रेस का कब्जा है और विधायक है चिंतामणि महाराज। जो हमेशा संगठन के निशाने के केंद्र बिंदु रहे है। जाहिर है गुटबाजी का दोष है। ऐसे में जिलास्तरीय बैठक के जरिये भाजपा इस सीट पर सेंधमारी करने में किसी प्रकार गुरेज नही करेगी।

बहरहाल, जिस उत्साह से आज जिले के भाजपा कार्यकर्ता सड़को पर दिखे। उससे यह माना जा सकता है कि भाजपा ने चुनाव की जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।