भाजपा अजजा मोर्चा ने आदिवासियों को अँगूठा छाप कहने वाले काँग्रेसी विधायक वृहस्पति सिंह का पुतला फूंका…


सीतापुर (अनिल उपाध्याय)। विवादित बयानबाजी को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले रामानुजगंज विधायक वृहस्पति सिंह द्वारा आदिवासियों को अँगूठा छाप कहे जाने पर भड़के भाजपाइयों ने भाजपा अजजा मोर्चा के नेतृत्व में शहीद भगत सिंह चौक पर काँग्रेसी विधायक का पुतला फूंका।

भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रभात खलखो ने विधायक वृहस्पति सिंह को मानसिक दिवालिया घोषित करते हुए कहा कि आदिवासियों के दम पर सत्ता का सुख भोगने वाले विधायक आज आदिवासियों को अँगूठा छाप कहकर उन्हें अपमानित कर रहे है।

अभी कुछ दिन पहले यही काँग्रेसी विधायक प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री के ऊपर अपनी हत्या कराने का विवादित बयान देकर अपनी फजीहत कराई थी अब ये आदिवासियों को अँगूठा छाप बोलकर अपनी घटिया मानसिकता का परिचय दे रहे है।ऐसा बोलने से पहले विधायक को अपने गिरेबान में झाँक लेना चाहिए था कि वो खुद कितने पढ़े-लिखे है।

उन्हें ये पता ही नही है कि जिस आदिवासी को वो अँगूठा छाप बोल रहे है उनमें से कई आदिवासी आईएएस,आईपीएस,जज समेत अन्य कई उच्च पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा आदिवासी समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।भाजपा अजजा मोर्चा ने आदिवासियों के बारे में विधायक के बिगड़े बोल की निंदा करते हुए कहा कि इस बयान से आदिवासियों के सम्मान को ठेस पहुँची है उनकी भावनाएँ आहत हुई है।

इसके लिए आदिवासी समाज विधायक वृहस्पति सिंह को कभी माफ नही करेगा सरकार को चाहिए कि आदिवासी सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले ऐसे विधायक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त करे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा अजजा मोर्चा सेतराम बड़ा, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष श्रवण दास, राजकुमार गुप्ता, नीरू मिस्त्री, पार्षद रूपेश गुप्ता, पार्षद विक्की नामदेव, संगीता कंसारी, धर्मेंद्र अग्रवाल, इलू गुप्ता, रूपेश, आर्य गुप्ता, आदित्य अग्रवाल आदि उपस्थित थे।