Hospital Inspection By COLLECTOR RITU SEN
अम्बिकापुर 12 जून 2014
- कलेक्टर ने किया उदयपुर अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण
- तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती ऋतु सैन ने आज उदयपुर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर चिकित्सा अधिकारियों से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ को सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीमती सैन ने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य तथा इलाज के संबंध में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के विशेष निर्देश दिए है। उन्होंने अस्पताल के निर्धारित बिस्तर संख्या के अनुसार मरीजों की भर्ती करने मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मरीजों को नियमित रूप से अस्पताल भेजने सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने एनआरएचएम के बीपीएम

को बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करने तथा कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। श्रीमती सैन ने मोतियाबिंद आॅपरेशन हेतु जिला अस्पताल नियमित रूप से रोस्टर बनाकर भेजने के निर्देश दिए है। उन्होंने नसबंदी और डिलिवरी के लिए अस्पताल में ही अच्छी व्यवस्था बनाने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दवा वितरण रजिस्टर का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने उसे अद्यतन करने तथा प्रतिदिन और माह के अंत में गोशवारा बनाने के निर्देश दिए है। उन्होंने आरएसबीवाई कक्ष को नए भवन में शिफ्ट करने कहा ताकि हितग्राहियों को आसानी से सुविधा मिल सके। श्रीमती सैन ने जगह-जगह पर बने स्टोर रूम को बंद करने तथा निर्धारित जगह पर एक स्टोर रूम बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के तहत दी जाने वाली राशि का चेक निर्धारित समयावधि में ही हितग्राही को दी जानी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बनाये जा रहे स्मार्ट कार्ड की जानकारी प्राप्त करते हुए डाटाबेस पूर्णतः आॅनलाईन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकार्ड अद्यतन होने चाहिए। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए ओपीडी कक्ष, ड्रेसिंग रूम, लेबर वार्ड, जनरल वार्ड ,महिला वार्ड आदि का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर एवं वार्डो में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने कहा है।
शासन द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र विहीन स्थानों के लोगों की चिकित्सा के लिए मोबाईल मेडिकल यूनिट प्रदान किया गया है। कलेक्टर ने इस वाहन का लाभ लोगों को सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वाहन प्रभारी को क्षेत्र में भ्रमण हेतु प्रभावी रोस्टर तैयार कर संबंधित क्षेत्र के लोगों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए है।




