विकास यात्रा-2018 :मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए की तीन बड़ी घोषणाएं …

एक से ज्यादा सिंचाई पम्पों पर भी मिलेगी फ्लैट रेट पर भुगतान सुविधा…

सिंचाई पम्पों को बिजली कनेक्शन देने एक लाख रूपए के अनुदान की सुविधा आज से फिर शुरू
विकास यात्रा में डॉ. रमन सिंह ने जनता को दी 115 करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्यों की सौगात
पंडरिया की विशाल आमसभा में 72 हजार हितग्राहियों को 49 करोड़ की सामग्री और अनुदान राशि… 

लगभग 45 हजार किसानों को 42.70 करोड़ का धान बोनस..

 

रायपुर  मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान कबीरधाम जिले के विकासखंड मुख्यालय पंडरिया की आमसभा में छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए तीन बड़ी घोषणाएं की। डॉ. सिंह ने कहा कि किसानों को एक सिंचाई पम्प पर वर्तमान में 7500 यूनिट बिजली निःशुल्क दी जा रही है। अब किसान इससे ज्यादा बिजली की खपत होने पर फ्लैट रेट में भी बिजली के बिल का भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने कहा- प्रथम सिंचाई पम्प के साथ किसानों को अपने अन्य सिंचाई पम्पों, पांच हार्स पावर से ज्यादा क्षमता के सिंचाई पम्पों पर भी, बिजली बिल का भुगतान फ्लैट रेट पर करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही साथ उन्होंने सिंचाई पम्पों को बिजली कनेक्शन देने  के लिए आज से एक लाख रूपए तक के अनुदान की सुविधा फिर से प्रारंभ करने की घोषणा की। ज्ञातव्य है कि यह सुविधा कुछ समय के लिए बंद हो गई थी। प्रदेश के चार लाख से ज्यादा सिंचाई पम्प धारक किसानों को मुख्यमंत्री की आज की घोषणा का लाभ मिलेगा।
डॉ. रमन सिंह ने पंडरिया की आमसभा में आज कबीरधाम (कवर्धा) जिले की जनता को 115 करोड़ 53 लाख रूपए के 242 निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने लगभग 31 करोड़ 13 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 200 से ज्यादा निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 84.40 करोड़ रुपए के 42 नए स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा- विकासयात्रा जनता जनार्दन से आशीर्वाद लेने के लिए एक पवित्र तीर्थयात्रा के समान है, जिसमें राज्य सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर अपने कामकाज का हिसाब दे रही है। लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। डॉ. सिंह ने पंडरिया क्षेत्र में गन्ने की खेती का उल्लेख करते हुए कहा कि इस इलाके के किसानों के लिए राज्य सरकार ने सहकारी शक्कर कारखाने की स्थापना की है।  गन्ना किसानों को बोनस भी दिया जा  रहा है।
डॉ. सिंह ने पंडरिया की आमसभा में जिले के लगभग 72 हजार 335 हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लगभग 49 करोड़ 22 लाख रूपए की सामग्री और सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने लगभग 45 हजार किसानों को 42 करोड़ 70 लाख रूपए का धान बोनस और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2838 परिवारों को मकान स्वीकृति प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया। मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें पंडरिया में 8 लाख 23 लाख रुपए की लागत से निर्मित जच्चा-बच्चा अस्पताल भवन (एमसीएच विंग हॉस्पिटल), मंझोली से देवपुरा सड़क पर 3 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से निर्मित वृहद पुलिया, कुण्डा से माकरी सड़क नवीनीकरण कार्य लागत-71 लाख रूपए, ग्राम कुम्ही से सीसी सड़क सह नाली निर्माण लागत 14 लाख रूपए, पनेका नलजल प्रदाय योजना लागत 44 लाख रूपए भी शामिल है। उन्होंने आमसभा में कुआंमालगी नलजल प्रदाय योजना लागत 39 लाख रूपए, सैहामालगी नलजल प्रदाय योजना लागत 41 लाख रूपए, बाघामुड़ा नलजल प्रदाय योजना लागत 36 लाख रूपए, बोड़तराखुर्द नलजल प्रदाय योजना लागत 37 लाख रूपए और लगभग 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित पलानसरी नलजल प्रदाय योजना का भी लोकार्पण किया।