पत्नी ने पति को मार डाला, लाठी-डंडे से पीट-पीटकर की हत्या

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पत्नी ने अपनी ही पति की हत्या कर दी है। महिला ने पति को इसलिए मार डाला क्योंकि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी है। मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, ये वारदात सोमवार को घटी। बताया गया कि डौंडी थाना के कंजेली गांव में रहने वाले मन्नू नेताम(40) और उसकी पत्नी सोनबाई नेताम सोमवार को सुबह से घर पर ही थे। वहीं उनके दोनों बच्चे घर से बाहर किसी काम से गए हुए थे। इसी दौरान करीब 11 बजे मन्नू और सोनबाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साई सोनबाई नेताम ने पास में रखा लाठी-डंडा उठाकर मन्नू पर हमला कर दिया। जिससे मन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोनबाई घर पर ही रही।

इधर, मामले का पता लोगों को तब चला कि जब मन्नू के बच्चे शाम को घर पर पहुंचे। तब उन्होंने देखा की मन्नी की खून से लथपथ लाश घर पर ही पड़ी थी। जिसके बाद उन्होंने अपने मां से भी पूछा, जिस पर उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में इस बात की जानकारी गांव के लोगों को दी गई। फिर गांव के लोगों ने जब बैठक की तब महिला ने अपना जुर्म कबूल किया है। इसके बाद मामले की जानकारी डौंडी पुलिस को दी गई। खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मंगलवार को परिजनों को सौंपा गया है।