श्री नरेन्द्र मोदी का ‘टीम इंडिया’ का मंत्र देश को विकास के नये दौर में ले जाएगा : डॉ. रमन सिंह

रायपुर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृृत्व में भारत सरकार ने ऐसी नीतियों को अपनाया है जिनसे देश के सभी राज्यों ने पहली बार अपने आपको सशक्त महसूस किया है। प्रधानमंत्री ने केन्द्र-राज्य सहयोग को लेकर ‘टीम इण्डिया’ का जो मंत्र दिया है, उनका यह मंत्र देश को विकास के एक नये युग में ले जाएगा।     डॉ. रमन सिंह कल देर रात नई दिल्ली में हिन्दी और अंग्रेजी पत्रिका ‘इण्डिया टुडे’ द्वारा आयोजित विचार विमर्श के दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘इण्डिया टुडे कान्क्लेव’ के समापन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फड़नवीस, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम में राज्य और देश के विकास से जुड़े सभी सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के संसाधनों के अनुरूप राज्य में विकास की प्रबल संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कामयाबी के बारे में भी जानकारी दी। डॉ. रमन सिंह ने नीति आयोग के गठन और 14वें वित्त आयोग की समस्त सिफारिशों को सहर्ष स्वीकार करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। डॉ. रमन सिंह ने कहा प्रधानमंत्री के इस ऐतिहासिक  और सकारात्मक निर्णय के फलस्वरूप आज देश के सभी राज्य बेहतर तरीके से अपनी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप योजना बनाने के लिए स्वतंत्र है और उन्हें बेहतर वित्तीय स्वतंत्रता भी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वे यह कह सकते है कि टीम इंडिया का प्रधानमंत्री का मंत्र जिसमें देश के सभी राज्यों की बराबर की भूमिका है देश को विकास के एक नये दौर में ले जायेगा। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि टीम इंडिया में सभी राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है प्रधानमंत्री होने के नाते इसके कप्तान श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृृत्व में यह नई उचाइयां तय करेगी। मुख्यमंत्री ने यह विचार नई दिल्ली में इंडिया टुडे कानक्लेव में देश के राजनीतिक मंच पर राज्यों की बढ़ती भूमिका विषय पर आयोजित चर्चा के दौरान प्रकट किए।
राज्य के लोगो को सस्ती दरांे पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रश्न पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुझे लगता है कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी पहली चुनौती गरीबी रेखा के नीचे बसर करने वाली जनता को भोजन, पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य नागरिकों के आर्थिक और सामाजिक स्तर तक लाना है। मेरे राज्य के लोगो के स्वास्थ्य सूचकांक को राष्ट्््रीय स्तर तक ले जाना हमारी पहल चुनौती है। इसके लिए छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा गरीबों को सिर्फ एक रूपए किलो में हर महीने 35 किलो चावल देने की योजना संचालित की जा रही है। डॉ. सिंह ने कहा – मुझे यह कहने में खुशी होती है कि इस योजना की बदौलत आज हमारे राज्य के स्वास्थ्य सूचकांक बेहतर होते जा रहे है। हमारे किसानों ने लगातार धान की पैदावार में कीर्तिमान स्थापित किया है, तो हमारा फर्ज बनता है कि हम उनकी मुश्किलों को कम करने के लिए बिजली की कीमत कम करें। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को सिंचाई के लिए सालाना साढ़े सात हजार यूनिट बिजली निःशुल्क दे रही है। उन्हें खेती के लिए सहकारी समितियों के माध्यम से शून्य ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज अगर छत्तीसगढ़ देश केे 8 राज्यों को बिजली उपलब्ध करा रहा है तो इसका कुछ फायदा हमारेे राज्य के किसानों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश की बड़ी जरूरतों जैसे कोयला, सीमंेट, एल्यूमिनियम और लौह अयस्क को प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि वे इस बात से असहमत हैं कि देश के दक्षिण के राज्यों ने उत्तर के राज्यों के मुकाबले अधिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि अगर पिछले 10 वर्षो के जीडीपी के आंकड़े उठा के देखे जाये तो आप पाएंगे कि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों ने बेहतर परिणाम दिए है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ देश के प्रथम तीन विकसित राज्यों में स्थान बना लेगा। चर्चा के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की नीतियों से काफी प्रभावित करती हैं और उनमें से कुछ को वे अपने राज्य में भी अपनाना चाहेंगे। कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह, वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, जनसम्पर्क और वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव श्री गणेश शंकर मिश्रा, उद्योग विभाग के संचालक श्री कार्तिकेय गोयल और मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव श्री रजत कुमार भी उपस्थित थे।