आईसीसी रैंकिंग : भारतीय कप्तान कोहली तीसरे स्थान पर बरकरार

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है। वह देश के अकेले क्रिकेटर हैं जो बल्लेबाजों की इस सूची में शीर्ष दस में शामिल हैं।

इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स (874 रेटिंग अंक) पहले स्थान पर हैं। वहीं आईपीएल-दस के ओरेंज कैपधारी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर 871 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

भारतीय कप्तान विराट कोहली 852 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 20 में रोहित शर्मा (12वें) , महेंद्र सिंह धोनी (13वें) और शिखर धवन (15वें) भी शामिल हैं। धवन दो पायदान नीचे खिसके हैं।

शीर्ष दस में कोई भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं:

गेंदबाजों की सूची में हालांकि कोई भारतीय शीर्ष दस में शामिल नहीं है। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा शीर्ष पर काबिज हैं। बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के साथ संयुक्त 11वें जबकि अमित मिश्रा 13वें स्थान पर हैं। ये दोनों ही चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं हैं। रविचंद्रन अश्विन संयुक्त 18वें स्थान पर हैं।

चोटी के तीन गेंदबाजों रबादा, इमरान ताहिर  और मिशेल स्टार्क हैं। ऑलराउंडरों की सूची में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन शीर्ष पर काबिज हैं। इंग्लैंड के तीन खिलाड़ी इस सूची में शीर्ष दस में शामिल हैं।

दक्षिण अफ्रीका नम्बर वन पर बरकरार:

इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका पर शृंखला में जीत से दो अंकों का फायदा हुआ। टीम रैंकिंग में भी चोटी की टीमों के बीच बहुत अधिक अंतर नहीं है और इससे पता चलता है कि चैंपियन्स ट्रॉफी में मुकाबला काफी कड़ा होगा। वनडे की चोटी की पांच टीमों में दक्षिण अफ्रीका (122 अंक), ऑस्ट्रेलिया (118), भारत (117), न्यूजीलैंड (114) और इंग्लैंड (112) के बीच अधिक अंतर नहीं है और वे एक-दूसरे को पीछे छोडऩे में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।