दिल्ली में स्कूल के पास गैस लीक, 110 बच्चे अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक कंटेनर डिपो से गैस रिसाव होने के कारण स्कूल जा रहे करीब 110 बच्चे इसकी चपेट में आ गए। गैस के संपर्क में आने से बच्चे बेहोश हो गए और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक अस्पताल में भर्ती बच्चे अब खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा शनिवार सुबह उस वक्त हुआ जब बच्चे स्कूल जा रहे थे। इस दौरान रानी झांसी सर्वोदय कन्या विद्यालय के पास एक कंटेनर डिपो से गैर रिसाव हो गया। गैस तेजी से आस-पास फैल गई और बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। आनन-फानन में बच्चों को दिल्ली के तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

स्कूल की वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि गैस रिसाव के बाद बच्चों ने आंखों और गले में परेशानी महसूस की। बच्चों की आंख से आंसू आने लगे। इसके बाद तुरंत पीड़ित बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। पुलिस और एंबुलेंस भी जानकारी मिलते ही स्कूल पर पहुंची।