ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, पिता-पुत्री गंभीर

अम्बिकापुर

अम्बिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में शुक्रवार की सुबह लहपटरा के पास एक ट्रक के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुये मोटरसायकल सावर दम्पत्ति को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्री को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता-पुत्री की हालत चिकित्सकों द्वारा नाजुक बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सायर केरमा निवासी बलन रवि आत्मज बेनीराम जो पत्नी व पुत्री के साथ मोटरसायकल में सवार होकर अम्बिकापुर की ओर आ रहा था। मार्ग में लहपटरा के पास अम्बिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही ट्रक के चालक ने मोटरसायकल सवार दम्पत्ति को सामने की ओर से अपनी चपेट में ले लिया। घटना में यशोदा रवि नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बलन रवि व उसकी पुत्री प्रिया रवि गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें ग्रामीणों व पुलिस की मदद से अम्बिकापुर जिला अस्पताल लाया गया। परिजनों ने दोनों की गंभीर स्थिति देखते हुये मिशन अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक काफी रफ्तार में था और घटना में मोटरसायकल के परखच्चे उड़ गये हैं। पुलिस ने ट्रक चालक के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।