दिव्यांग पति की हैवानियत: झगड़े के बाद पत्नी के हाथ-पैर काट डाले, जानें पूरा मामला

रीवा/मध्यप्रदेश। पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह के कई मामलों के बारे में आपने सुना होगा। लेकिन मध्य प्रदेश में एक दिव्यांग ने कुछ ऐसा कर डाला जिसके बारे में जानकर आप भी चौंक उठेंगे। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक दिव्यांग व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी के हाथ-पैर काट डाला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि लल्ली कोरी (30) रविवार को गुजरात से कुरचलिया थाना क्षेत्र के सेंदुरा गांव में अपने घर वापस लौटी थी। इसके बाद उसका अपने पति रामकलेश कोरी से किसी बात पर विवाद हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बीच कोरी ने पत्नी को अपने साथ खेतों पर जाने के लिए मना लिया। वहां पर उसने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला कर उसका एक हाथ और एक पैर काट दिया।

पुलिस के मुताबिक घायल हालत में महिला को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सोमवार रात को उसका ऑपरेशन किया गया। पुलिस अधिकारी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि रामकलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह घटना घरेलू कलह के कारण हुई है।