भ्रष्टाचारः शासकीय इंजीनियर के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से 112% अधिक की मिली संपत्ति..

मध्यप्रदेश के इंदौर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शनिवार सुबह धार नगर परिषद में इंजीनियर डीके जैन के धार और इंदौर स्थित घरों पर छापामारा है। इंजीनियर डीके के जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी। धार में दो जगह और इंदौर में एक जगह लोकायुक्त टीम इंजीनियर की संपत्ति के दस्तावेज जांच कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार डीके जैन के पास धार में 30 बाय 40 का मकान, मांडव में 13 बीघा जमीन, धार में पार्टनरशिप में जमीन सहित कई रजिस्ट्रियां मिली हैं। इंजीनियर सहित उनकी पत्नी और बेटे के 13 बैंक खाते होने की जानकारी भी मिली है। डीएसपी शिव सिंह यादव ने बताया कि तनख्वाह से 112% अधिक संपत्ति बरामद की गई। भ्रष्टाचार करके आय से अधिक संपत्ति अर्जित की गई। जिसको लेकर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। जांच में 44 तोला सोना और एक किलो चांदी के जेवरात भी बरामद हुए हैं।

धार नगरपालिका के असिस्टेंट इंजीनियर देवेंद्र कुमार जैन के घर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने रेड मारा है। जिसमे 3 डीएसपी के साथ दर्जनभर कर्मचारी मौजूद हैं। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद टीम ने कार्रवाई की है। इसमें असिस्टेंट इंजीनियर के शासकीय निवास और अन्य जगह से करीब 15 रजिस्ट्रियां मिली जो उनके परिजनों के नाम पर दर्ज है। संपत्तियों में कुछ इंदौर तो कुछ धार में मौजूद है। वहीं डीएसपी शिव सिंह यादव ने बताया कि इनके इंदौर निवास पर भी छापा मारा गया है। वहां सभी दस्तावेजों की जांच चल रही है। साथ ही टीम को बैंक की 15 पासबुक भी मिली है। जिनका भी मिलान किया जा रहा है। वहीं गोल्ड और म्यूचुअल फंड से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है।