Politics : 3 कांग्रेस जिला अध्यक्ष बदले गए, नए चेहरों को कमान, देखें सूची

एमपी कांग्रेस ने आज तीन जिलों के अध्यक्षों को बदल दिया। कांग्रेस ने भिंड विदिशा और पन्ना जिला अध्यक्षों को हटाकर नए जिला अध्यक्षों के नाम का ऐलान कर दिया। सबसे चर्चा वाला भिंड जिला में अध्यक्ष को बदले जाने का है। PCC में आज भिंड कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जय श्रीराम बघेल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने डॉक्टर गोविंद सिंह के खिलाफ नारेबाजी की थी। जय श्रीराम बघेल के साथ कांग्रेसियों ने पीसीसी चीफ कमलनाथ के सामने गोविंद सिंह के खिलाफ नारेबाजी कर उन्हें नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाने की मांग की थी।

जय श्रीराम बघेल के साथ आए कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन के बाद नाराज कमलनाथ ने भिंड के जिलाध्यक्ष को बदल बदल दिया। यहां पर कांग्रेस ने युवा जिला अध्यक्ष मान सिंह कुशवाहा को जिम्मेदारी सौंपी है. वही दूसरा चर्चित जिला पन्ना रहा। पन्ना में कांग्रेस नेता अजय सिंह की समर्थक दिव्या रानी सिंह को हटाया गया। दिव्या रानी सिंह 10-12 सालों से जिला अध्यक्ष पद पर थी। कांग्रेस ने यहां पर दिग्विजय और कमलनाथ समर्थक शारदा पाठक को जिले की कमान सौंपी है। मौजूदा जिला अध्यक्ष दिव्या रानी सिंह पन्ना राज परिवार से ताल्लुक रखती थी और वह अजय सिंह की कट्टर समर्थक बताई जाती हैं। राज परिवार की बहू होने के कारण वह समर्थकों से मिलने में रुचि नहीं रखती थी। और बीते 10 से 12 सालों से जिला अध्यक्ष की कमान उनके हाथों में थी। कमलनाथ ने अब शारदा पाठक को जिला पन्ना का अध्यक्ष बनाया है।

संगठन को मजबूती देने के लिए बदलाव 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगरीय निकाय चुनाव की समिति में भी भोपाल नगर निगम का उन्हें प्रभारी बनाया था। वहीं कांग्रेस पार्टी ने विदिशा के जिला अध्यक्ष को भी बदल दिया है, कुछ महीने पहले ही विदिशा में कमल सिलाकारी को पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन अब विदिशा जिला अध्यक्ष को बदलकर निशंक जैन को विदिशा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतलब साफ है कि कांग्रेस पार्टी में संगठन को मजबूत बनाने के लिए और सालों से जिला अध्यक्ष की कमान संभालने वाले पुराने चेहरों को बदलने की कवायद को तेज कर दिया गया है और आने वाले दिनों में कुछ और जिलों के अध्यक्षों को बदला जा सकता है।