ब्राह्मण समाज सब समाजों के लिये..मुख्यमंत्री श्री चौहान

ब्राह्मण विधायकों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान

भोपाल : गुरूवार, जनवरी 9, 2014, 21:23 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ब्राह्मण समाज देश के सब समाजों के लिये है। धर्म, संस्कृति और संस्कार के लिये सभी समाजों की ब्राह्मण समाज से अपेक्षाएँ रहती हैं। श्री चौहान आज यहाँ मानस भवन में ब्राह्मण एकता, अस्मिता, सहयोग एवं संस्कार मंच द्वारा आयोजित ब्राह्मण विधायक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री चौहान ने जनसेवी कार्यों के लिये श्री बृजमोहन आजाद, श्री कमलेश शुक्ला और श्री तिवारी का सम्मान किया। समाज की स्मारिका का विमोचन किया। चतुर्दश विधानसभा के निर्वाचित ब्राह्मण विधायकों का शॉल और स्मृति-चिन्ह से सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति के कण-कण में भगवान बसते हैं। दरिद्र में ही नारायण हैं। जनता ही जनार्दन है। उन्होंने कहा कि वे जनता के सेवक मुख्यमंत्री हैं। उसकी सेवा ही सबसे बड़ी प्रभु सेवा मानते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम में प्रदेश की जनता के लिये आशीर्वाद मांगने आये हैं। प्रदेश में गरीबी, भूख, और बीमारी नहीं रहे। सब सुखी हों, निरोगी हों, सबका कल्याण हों, यही कामना है।

उन्होंने कहा कि ज्ञान, भक्ति और कर्म के मार्ग पर चलकर मन, शरीर, बुद्धि और आत्मा के सुख प्राप्त किए जा सकते हैं। अच्छी सरकार वह है जो व्यक्ति का उसकी मन की अभिरूचि से कार्य करने में सहयोग करे।

श्री चौहान ने नव निर्वाचित विधायकों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वे प्रखर प्रज्ञा के साथ क्षेत्र एवं प्रदेश की जनता के विकास के कार्य करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद श्री कैलाश जोशी, सहकारिता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव, स्कूली एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री सत्यदेव कटारे, श्री देवनाथ जी महाराज, महंत जानापाव सहित बड़ी संख्या में समाज के संत, विद्वतजन गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।