अजब प्रेम की गजब कहानी: एक ही मंडप में शख्स ने तीन गर्लफ्रेंड्स से रचाई शादी, छह बच्चे भी हुए शामिल

अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर में एक अजब प्यार की गजब कहानी सामने आई है। एक पूर्व सरपंच ने एक ही मंडप में 15 साल से लिव इन में रह रहे अपनी तीन प्रेमिकाओं से एक साथ एक ही मंडप में शादी की। इस शादी में उनके छह बच्चे भी शामिल हुए। एक दूल्हा, उसकी तीन दुल्हन और छह बच्चे जब एक ही मंडप में दिखे तो लोग उन्हें ही देखने में लगे थे। सबसे बड़ी बात ये भी थी कि दूल्हे ने शादी के कार्ड में तीनों प्रेमिकाओं का नाम भी छपवाया था। शादी में समाज के लोग भी बड़ी संख्‍या में शामिल हुए।

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर के नानपुर गांव (मोरीफलिया) के पूर्व सरपंच समरथ मौर्य ने अपनी तीन प्रेमिकाओं नान बाई, मेला और सकरी के साथ शादी रचाई। समरथ ने बताया कि उसे इन तीनों महिलाओं से अलग-अलग समय पर प्‍यार हुआ। वह 15 साल से अपनी तीनों प्रेमिकाओं के साथ लिव इन में रह रहा था। इस दौरान इनके 6 बच्चे भी हुए। समरथ ने बताया कि 15 साल पहले उसकी आर्थिक हालत ऐसी नहीं थी कि तीन पत्नियों का एकसाथ भरण-पोषण कर सके. इसलिए वह शादी नहीं कर पाया था। अब वो सबका पालन कर सकता है। उसके पास खेती-बाड़ी है। उसने बताया कि 30 अप्रैल और एक मई को आदिवासी रीति-रिवाज से उसने शादी रचाई है।

समरथ मौर्य की उम्र 35 साल है और उसकी पत्नियों नान बाई की उम्र 33 साल है, उसके 4 बच्चे हैं, जिसमें  3 लड़की और 1 लड़का है। दूसरी पत्नी मेला बाई  की उम्र 29 साल है उससे ऐएक लड़का है। वहीं तीसरी पत्नी सकरी बाई की उम्र 28 साल है और उससे भी एक लड़का है। कुल मिलाकर उन चारों के छह बच्चे हैं।

समरथ ने बताया कि आदिवासी भिलाला समुदाय में लिव इन में रहना और बच्‍चे करने की छूट है, लेकिन बिना शादी के परिवार के किसी भी सदस्‍य को मांगलिक कार्य में शामिल होने की इजाजत नहीं है। इसी वजह से समरथ ने अपनी 3 प्रेमिकाओं के साथ 15 साल बाद शादी की है।