13 साल छोटे ऑटो चालक के साथ भाग गई 45 साल की महिला… पति के 47 लाख रुपये भी ले गयी…

मध्यप्रदेश के इंदौर में संभ्रात परिवार की एक शादीशुदा महिला अपने पति को छोड़कर 13 साल छोटे ऑटो चालक के साथ भाग गई। जाते जाते वो पति की जीवन भर की कमाई 47 लाख रुपये भी ले गयी। अब पति परेशान है और उसने पुलिस थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

इंदौर के खजराना थाना इलाके में एक महिला की गुमशुदगी का प्रकरण दर्ज किया गया है। ये माजरा हाजी कॉलोनी का है। यहां रहने वाले बेहद संभ्रांत परिवार की एक महिला अचानक घर से गायब हो गई। खास बात यह है महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष है। पति का कहना है कि वो अपने से लगभग 13 साल छोटे ऑटो चालक प्रेमी के साथ भाग गयी है। साथ में घर में रखे लाखों रुपये, नगदी और आभूषण भी ले गयी। पति की शिकायत के बाद अब पुलिस और परिवार के सदस्य इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रहे हैं ताकि कहीं से कोई सुराग मिल सके।

पुलिस उस महिला की मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर जावरा, रतलाम और उज्जैन में छापे मार रही है। दोनों लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। यही वजह है कि अब तक दोनों पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। महिला जिस परिवार की वो बेहद संभ्रात और समृद्ध है। मायके से जुड़े सभी सदस्य बेहद धनाढ्य हैं। परिवार के सदस्यों ने हाल ही में एक जमीन का सौदा किया था। पति का कहना है उसके एवज में आयी 47 लाख की रकम तिजोरी में रखी थी। उसका हिसाब किताब यही महिला करती थी।

महिला के पति ने पुलिस को जो बयान दिया है उसके मुताबिक़ पत्नी घर से लगभग आठ दिन से गायब है। शुरुआती दिनों में वह जब घर पर नहीं मिली तो उसके मोबाइल पर कई बार सम्पर्क करने की कोशिश की गयी। लेकिन फोन पर सम्पर्क नहीं हो सका। जब घर की तलाशी ली गयी तो तिजोरी में रखे पैसे और आभूषण भी गायब थे। फिर औऱ पड़ताल की तो पता चला कि महिला का इलाके के एक ऑटो चालक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला की गुमशुदगी के बाद से वह भी गायब है। इसलिए परिवार को आशंका है कि दोनों एक साथ ही गायब हुए हैं।

पुलिस ने शुरुआती पड़ताल की तो फोन के आधार पर दोनों की लोकेशन उज्जैन, रतलाम और जावरा में मिली। थाना प्रभारी खजराना दिनेश वर्मा के मुताबिक़ थाने पर उपस्थित होकर एक पक्ष ने शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया था कि उनके घर की एक महिला सदस्य गायब है। घर के कुछ नगदी और आभूषण भी नहीं मिल रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इलाके के एक अन्य शख्स पर शंका जाहिर की है कि वह भी कुछ दिन से गायब है। महिला और पुरुष की उम्र में 13 वर्ष से अधिक का गैप है। फरियादी की शिकायत पर फिलहाल महिला की गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है। दोनों के मिलने और बयानों के बाद ही स्पष्ट होगा कि आखिर असल माजरा क्या है। उसके बाद ही नगदी और आभूषण गायब होने की बात पता चल सकेगी।