Instagram पर दोस्ती, अश्लील वीडियो ब्लैकमेलिंग और रेप, लड़की के शरीर पर ब्लेड से लिखा नाम

Friendship on Instagram, Blackmailing and rape : सोशल मीडिया आजकल लोगों से परिचय, मेल मुलाकात, दोस्ती का नया ज़रिया बन गया है। कई बार यहां ऐसे कमाल के लोगों से मिलना होता है जिनसे उम्र भर के लिए एक खास संबंध बन जाता है। लेकिन कई बार कई लोग उम्र भर का दर्द भी दे जाते हैं। सोशल मीडिया से हुई दोस्ती के कितने खतरनाक अंजाम हमने देखे सुने हैं। आपराधिक प्रवृत्ति वाले भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और फिर उनके साथ खतरनाक वारदातों को अंजाम देते हैं। ऐसा ही एक दिल दहलाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आया है।

दिल दहलाने वाली वारदात

इंस्टाग्राम पर एक 16 साल की लड़की की दोस्ती विकास ठाकुर नाम के युवक से हुई। ये लड़की कानपुर के बर्रा इलाके में रहती हैं और उसके माता पिता दोनों डॉक्टर हैं। वो अपने माता पिता की इकलौती संतान है। विकास ठाकुर ने पहले तो इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती करके उसका भरोसा हासिल किया। इसके बाद उसका अश्लील वीडिया बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। युवक ने लड़की के साथ रेप किया। इतना ही नहीं ब्लेड से उसके शरीर पर अपना नाम भी लिख दिया। इस घटना से घबराकर लड़की कोटा चली गई। एक हफ्ते पहले ही वो वापस आई थी और विकास उसे फिर से धमकाने लगा कि अगर वो उससे नहीं मिली तो उसका वीडियो वायरल कर देगा।

एक बार फिर लड़की डरकर उससे मिलने पहुंची। इस बार विकास के दोस्त अजय और अमन नाम के दो लड़के और आ गए और उन्होने भी लड़की से रेप करने की कोशिश की। इसी दौरान 5 और लड़के वहां पहुंच गए और उसके साथ जोर जबरदस्ती और मारपीट करने लगे। तभी लड़की चीखने चिल्लाने लगी और आसपास भीड़ जुट गई। इससे घबराकर आरोपी मौके से भाग गए। लोगों ने लड़की से पूछताछ कर उसके घरवालों को सूचना दी और तब जाकर मामले का खुलासा हुआ।

अपराधियों से रहें सावधान

घटना की जानकारी लगने पर परिजन सदमे में थे। अब मामले में 8 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। विकास ठाकुर, अजय व अमन के खिलाफ रेप के प्रकरण के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं 5 अन्य के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि लड़की के साथ काफी वक्त से ये अपराध किया जा रहा था। ये घटना एक बार फिर हमें सबक देती है कि किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया के वर्चुअल वर्ल्ड में कौन कैसा है..इसकी तस्दीक अच्छे से करने के बाद ही मिलना चाहिए। लेकिन किसी तरह के अपराध का शिकार होने पर इसे बिल्कुल न छिपाया जाए। ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस में शिकायत करनी चाहिए क्योंकि अपराधियों को उनके किए की सजा हर हाल में मिलनी चाहिए। ये घटना सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है और एक बार फिर ये सवाल खड़ा होने लगा है कि आखिर सोशल मीडिया पर एक्टिव अपराधियों को कैसे रोका जाए। इसका सबसे पहला जवाब है सजग और सतर्क रहना। साथ ही बिना किसी डर या हिचक के ऐसे लोगों को रिपोर्ट करना भी जरूरी है।