CWC की बैठक: पांच राज्यों में हार की हुई समीक्षा, इस नेता ने कहा- हमें सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भरोसा

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और तीन अन्य कांग्रेसी नेता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं हुए। कांग्रेस नेता एके एंटनी भी बैठक में शामिल नहीं हुए, क्योंकि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

पांच राज्यों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अब आत्ममंथन मोड में आ गई है। दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अंबिका सोनी मौजूद रहीं। राहुल आर प्रियंका गांधी ने भी बैठक में हिस्सा लिया। मीटिंग में पांच राज्यों में चुनावी हार और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई। मीटिंग एआईसीसी कार्यालय में रविवार शाम को हुई। 

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव सहित आगामी चुनावों में चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में अपने विश्वास की पुष्टि की और उनसे कांग्रेस का नेतृत्व करने का अनुरोध किया। बैठक के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस का नेतृत्व करेंगी और भविष्य में भी वही निर्णय लेंगी। हम सभी को उनके नेतृत्व पर भरोसा है।