COVID-19 CASE : दुनिया भर में फिर बढ़ने लगी कोरोना महामारी…. न्यूजीलैंड में पहली बार सामने आए इतने मामले… रूस में रिकॉर्ड मौतें… जानें अन्य देशों का हाल

फ़टाफ़ट डेस्क। दुनियाभर में एक बार फिर कोरोना के प्रकोप बढ़ते जा रहे हैं। न्यूजीलैंड में पहली बार एक दिन में 206 नए केस सामने आए हैं। इन मामलों में सबसे अधिक आबादी वाला शहर ऑकलैंड से 200 मामले दर्ज किए गए हैं। दरअसल, महामारी के कारण ऑकलैंड में तीन महीने तक प्रतिबंध लगा रहा क्योंकि यहां डेल्टा संस्करण का जबरदस्त प्रकोप था। हालांकि सोमवार को प्रतिबंधों में ढील की उम्मीद है।

देश में 70 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। न्यूजीलैंड में 78 फीसदी लोग पूरी तरह से वैक्सीनेटेड हो चुके हैं। वहीं, 89 फीसदी लोग कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं। यहां कोरोना के कुल मामले 7000 से अधिक हैं जबकि अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न और स्वास्थ्य महानिदेशक एशले ब्लूमफील्ड राजधानी वेलिंगटन क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं और लोगों को टीका लगवाने के अभियान में शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री अर्डर्न ने स्वीकार किया कि ऑकलैंड में बीमारी का प्रकोप बहुत तेजी से बढ़ा है।

पूरे देश में मोबाइल सुविधाओं, सामुदायिक वैक्सीन केंद्रों, पारिवारिक डॉक्टरों और फार्मेसियों सहित वैक्सीन क्लीनिक दिन भर खुल रहे हैं। न्यूजीलैंड सरकार वर्तमान कोरोना अलर्ट स्तर प्रणाली को बदलने के लिए टीकाकरण प्रमाणपत्रों को प्रतिबंधों के ढांचे में शामिल करते हुए एक ट्रैफिक लाइट सिस्टम पर काम कर रही है।

दुनिया के कई हिस्सों में कोरोन महामारी के लौटने का खतरा मंडराने लगा है। सबसे बुरी स्थिति इस समय रूस की है। यहां बीते 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। वहीं, 1192 लोगों की महामारी से मौत हो गई। उधर, जर्मनी में भी संकट गहराने लगा है। यहां पिछले 24 घंटों में 33,949 नए मामले दर्ज किए गए, जो एक सप्ताह पहले 28,037 दैनिक मामले थे। वहीं, उक्रेन में बीते 24 घंटे में  25,063 मामले सामने आए जबकि 793 लोगों की मौत हुई है। उधर, ब्राजील में एक दिन में कोरोना के 13,321 नए मामले सामने आए जबकि महामारी से 389 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि जान्स हापकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनियाभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 24.9 करोड़ को पार गया है जबकि महामारी से मरने वालों की संख्या 50.3 लाख से अधिक हो गई हैं।