Chhattisgarh: भाजपा की नई कार्यकारिणी पर सोशल मीडिया में बवाल, अध्यक्ष को कहे अपशब्द



रायपुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा की नई कार्यकारिणी को लेकर सोशल मीडिया में बवाल मचा हुआ है। भाजयुमो के वाट्सएप ग्रुप में प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को घेरा गया है। उनके लिए अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया है। इसके अलावा युवा कांग्रेस के एक नेता प्रियांश भगत को लेकर सवाल खड़ा किया गया है। अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, नए लोगों के आने पर पुराने लोगों में नाराजगी रहती है। कार्यकारिणी का गठन सभी बड़े नेताओं से रायशुमारी करने के बाद किया गया है।

प्रदेश भाजपा संगठन में हुए बदलाव में भाजयुमो का अध्यक्ष भी बदला गया और अमित साहू के स्थान पर आदिवासी युवा रवि भगत को अध्यक्ष बनाया गया। नए अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी का ऐलान किया तो पुरानी कार्यकारिणी के न सिर्फ ओवरएज पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया, बल्कि पूरी की पूरी कार्यकारिणी ही बदल दी। कार्यकारिणी के ऐलान के बाद से ही इसको लेकर विवाद चल रहा है।

भाजयुमो के ग्रुप में चल रही जंग

नई कार्यकारिणी को लेकर भाजयुमो के वाट्सएप ग्रुप में जंग चल रही है। इस ग्रुप के ही कुछ सदस्यों ने एक अखबार को भी ग्रुप में चल रहे संवाद के स्क्रीनशॉट भेजे हैं। इसमें कार्यकारिणी को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। यही नहीं, अध्यक्ष रवि भगत को लेकर अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया है। अध्यक्ष को भालू, गीदड़ के साथ गालियां तक दी गई हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस के प्रियांश भगत को कार्यसमिति में रखे जाने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। नई कार्यकारिणी में भी ओवरएज को पदाधिकारी बनाने की बात की जा रही है।

जिले से आया नाम, इसलिए रखा

प्रियांश भगत को लेकर भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत का कहना है, प्रियांश तीन साल से मंडल में महामंत्री हैं, उनका नाम जिले से आने के कारण उनको रखा गया है। उन्होंने कहा, मेरी जानकारी में यह नहीं है कि प्रियांश युवा कांग्रेस में है, वह भाजपा का सदस्य है।