भारती बंधु को मिला ’भक्ति विलास’ सम्मान : मुख्यमंत्री ने बधाई दी

रायपुर, 24 नवम्बर 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से यहां उनके निवास पर पद्मश्री सम्मान से सम्मानित भारती बंधु ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ओडिशा सरकार के संस्कृति विभाग के सहयोग से श्री क्षेत्र कला प्रकाशिका संस्था द्वारा उन्हें भजन गायन के लिए ’भक्ति विलास’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समारोह ओडिशा स्थित तीर्थ नगरी पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पिछले माह की पांच तारीख को आयोजित किया गया था। भारती बंधु ने यह भी बताया कि यह सम्मान प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ प्रथम कलाकार हैं। इस समारोह में भारती बंधु को पंडित सम्बोधन से अलंकृत किया गया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए भारती बंधु को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री को श्री भारती बंधु ने बताया कि पुरी के इस आयोजन में उनकी सुपुत्री सुश्री सी. जाहन्वी भारती ने भी अपना गायन प्रस्तुत किया।