उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में मार्च के महीने में ही जबरदस्त गर्मी पड़ने लगी है। अधिकतम तापमान की बात करें तो पूरे प्रदेश में 37 डिग्री से लेकर 40 डिग्री के आसपास तापमान चला गया है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि, ‘छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में पश्चिम से हवा आ रही है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण में दक्षिण में नमी युक्त हवा आ रही है। जिसके कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक धूप से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।’

छत्तीसगढ़ के जिलों का तापमान

गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में 40.1 डिग्री दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 39.4 न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री, रायपुर के माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 38.6 न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री, बिलासपुर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री, अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, जगदलपुर का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, दुर्ग का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री, राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 40 डिग्री न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया।