तो क्या जिंदा ही दफना दी गई थी 15 साल की पूजा

रायपुर।

उरला के चिखली गांव में नदी किनारे सातवीं की छात्रा की लाश मिलने से सनसनी फैली हुई है। वह 19 दिन से गायब थी। कपड़े में लिपटा छात्रा का शरीर पूरी तरह से सड़ चुका है। मौके से बरामद पर्स और कपड़ों से उसकी पहचान बसेहर (धरसींवा) निवासी पूजा निषाद के रूप में हुई है। वह पिछले उन्नीस दिनों से लापता थी। देर रात तक पुलिस लाश की गुत्थी सुलझाने की कोशिश करती रही। उसके गांव के लोगों ने बताया कि उसका गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और करीब एक महीने पहले वह उसके साथ भाग गई थी। उसके बाद वापस लौटी लेकिन 19 दिन पहले फिर गायब हो गई। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवती को पहले कहीं बंधक बनाकर रखा गया था इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर मार दिया गया और लाश नदी किनारे दफन कर दी। पुलिस ने छात्रा के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

जिंदा दफनाई गई!
युवती के हाथ पैर बंधे मिले हैं। इससे यह लग रहा है कि उसे पैर मोड़कर (उकड़ू) बैठाया गया फिर बांधा गया हो और उसी हालत में उसे दफना दिया गया हो। पुलिस ने छात्रा को जिंदा दफन किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया है।
लाश के पास बिखरे मिले कपड़े
युवती को जहां दफन किया गया था वहीं पर उसका पर्स, कपड़े और मार्कशीट्स पड़े मिले। मार्कशीट पत्थर से दबा हुआ था, उसी से उसकी पहचान की गई। परिजनों को सूचना देने पर वे पहले आने में आनाकानी करते रहे, पुलिस ने धमकाया तो वे काफी मुश्किल से पहुंचे।
दो बार हुई गायब
युवती 28 फरवरी को गांव के ही एक युवक के साथ भाग गई थी। कुछ दिन उसके साथ रहने के बाद वह वापस आ गई लेकिन उसके परिजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद गांव के ही एक बुजुर्ग पुनूराम ने उसे अपने घर रखा। इसके बाद वह 9 मार्च को दोबारा अचानक गायब हो गई। पुनूराम की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। युवती हत्या में पुलिस को उसके प्रेमी (जिसके नाम का पुलिस ने खुलासा नहीं किया है) और बुजुर्ग को संदेह के घेरे में रखा है।
तीन दिन में तीसरी लाश

राजधानी में पिछले तीन दिन में यह तीसरी लाश मिली है। बुधवार को सरोरा बाजार चौक में एक मकान में अमरीका नाम की महिला की लाश मिली थी। दो दिन बाद उसके पति को हत्या के इल्जाम में गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को माना बस्ती के पास नहर किनारे एक युवती की लाश मिली।