Chhattisgarh Accident News : डायल 112 की टक्कर से बाइक सवार की मौत…. थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन… देखिए घटना का CCTV फुटेज

रायगढ़। पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी डायल-112 की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन 50 लाख रुपए और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा नेताओं के साथ ही अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं। बातचीत चल रही है। इस बीच आरोपी ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, भजनडीपा निवासी विमल दास महंत (38) ट्रांसपोर्ट कंपनी में मैनेजर था। वह सोमवार रात अपने साथी विद्याधर के साथ किसी काम से स्टेशन गया था। दोनों वहां से रात करीब 9.30 बजे बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतरा रोड चौकी के पास डायल-112 की गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में विमल और विद्याधर घायल हो गए। दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान विमल की मौत हो गई।

अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद जब विमल का शव घर पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में पुरुष, महिलाएं विमल का शव लेकर थाने के बाहर पहुंच गए और रास्ता जाम कर दिया। करीब 4 घंटे से थाने के बाहर हंगामा चल रहा है। लोग मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अफसर और भाजपा-कांग्रेस के नेता भी पहुंच गए हैं। दोनों पक्षों में थाने के अंदर बातचीत चल रही है।

लोगों ने बताया कि विमल घर का इकलौता बेटा था। उसकी ही कमाई से परिवार का खर्चा चलता था। उसके माता-पिता दोनों पैरालाइज्ड हैं और बीमार रहते हैं। परिवार में उसकी पत्नी और 5 साल का बेटा और 4 साल की बेटी है। सभी लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने डायल-112 के ड्राइवर रेगड़ा निवासी जुमैल अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज-