छत्तीसगढ़ : श्रद्धालुओं से भरी SUV कार हादसे का शिकार, 25 फीट नीचे गिरी, 3 की मौत; दो मृतक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 7 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ से मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी SUV कार बैरिकेड को तोड़ते हुए 25 फीट नीचे गिर गई। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोग भी हादसे के शिकार हो गए और उनकी भी मौत हो गई। घटना अंजोरा के बाफना टोल प्लाजा के पास की है।

मृतकों में पुरेंद्र पिता सेमेंद्र साहू (23 वर्ष), रोशन सोनी(31) और अविनाश ताम्रकार (33) शामिल हैं। घटना के वक्त रोशन और अविनाश मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे। वहीं घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार सभी लोग रायपुर के अश्वनी नगर निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रायपुर अश्वनी नगर के रहने वाले आठ दोस्त पुरेन्द्र साहू (23), उज्जवल देवांगन (21), सौरभ सरोज (23), कृष्णा ताम्रकार ( 16 ), धीरज देवांगन ( 16 ), सद्दाम अंसारी (28), भाव्य साहू (15) और अमित साहू (23) ने माता बम्लेश्वरी के दर्शन करने का प्लान बनाया था। सभी कार से शनिवार को डोंगरगढ़ गए थे। मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने के बाद रविवार सुबह रायपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 6.30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी अंजोरा क्षेत्र के बाफना पुलिया के पास पहुंचने वाली थी कि तभी ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया। तेज रफ्तार SUV सड़क किनारे लगे बैरिकेड को तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत ही हादसे की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस के अनुसार, जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस समय शहर के लोग मॉर्निंग वाक पर निकलते हैं। जिन दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, ऐसा माना जा रहा है कि वह लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस मृतकों की पहचान कर रही है। घायल और एक मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे हैं।