पशुओं के अवैध परिवहन की शिकायत, दो पशु कृषक के पंजीयन निरस्त; एफआईआर दर्ज करने के निर्देश!

अम्बिकापुर। सोशल मीडिया पर सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा से अवैध रूप से की जा रही मवेशियों की तस्करी के संबंध में शिकायत की गई। जिस पर तत्काल एक्शन लेते हुए कलेक्टर ने कृषक पशु व्यापारी सलीम कुरैशी और रैयुफ कुरैशी का कृषक व्यापारी पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों व्यापारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश भी जारी किया गया है।

दरअसल, सोशल मीडिया के जरिए से सरगुजा कलेक्टर के पास मवेशियों के अवैध परिवहन करने संबंधी शिकायत पहुंची। इस पर कलेक्टर संजीव कुमार झा ने कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा, अम्बिकापुर को जांच के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि, इन व्यापारियों को परिवहन के कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इसके बावजूद भी यह व्यापारी कलेक्टर के जाली दस्तखत से मवेशियों का अवैध रूप से परिवहन कर रहे हैं।

जिसे देखते हुए सरगुजा कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से इन दो व्यापारियों का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। साथ ही इन पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए अम्बिकापुर, कोतवाली थाना प्रभारी को भी पत्र लिखा गया है।