धीरे-धीरे पटरी पर आ रही संजीवनी व महतारी..जीवीके कंपनी समाधान के लिये वचनबद्ध…

जीवीके कंपनी ने कहा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिये हैं वचनबद्ध

अम्बिकापुर{दीपक सराठे}

चार दिनों से कर्मचारियों के हड़ताल के कारण बेपटरी हुई संजीवनी व महतारी एक्सप्रेस की सुविधा अब सीधे-सीधे पटरी में आने लगी है। जीवीके ईएमआरआई कंपनी ने दावा किया है कि प्रदेश की लगभग 84 प्रतिशत एम्बुलेंस ऑन रोड की जा चुकी है। यही नहीं कंपनी द्वारा 12 अस्पताल में ईएमटी की भर्ती भी की जा चुकी है। इस स्वास्थ्य सुविधा को सुचारू करने कर्मचारियों के हड़ताल के बाद कंपनी ने कई जगह नई भर्ती भी कर ली है। हालांकि पूरी तरह से यह व्यवस्था अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। कंपनी ने कर्मचारियों को एक पत्र जारी कर यह कहा है कि वह कर्मचारियों के समस्याओं के समाधान के लिये पूरी तरह से वचनबद्ध है। बीते शुक्रवार से कंपनी द्वारा कर्मचारियों के साथ बातचीत करते हुये उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। वर्तमान में 238 में से 202 संजीवनी एक्सप्रेस की सुवायें प्रदेश में सुचारू हो चुकी है। यही नहीं कई जगह इस व्यवस्था को सुचारू करने के लिये लगभग 150 पायलट एवं ईएमटी की नई भर्ती की गई है।

102 महतारी एक्सप्रेस की करीब 106 एम्बुलेंस ही सुचारू रूप से प्रारंभ कर दिये जाने का दावा कंपनी ने किया है। कंपनी ने कहा है कि हॉस्पीटल ईएमटी को सरकार द्वारा प्रस्तावित नई एम्बुलेंसों के संभावित जिलों में भर्ती के लिये आवेदन पत्र लेकर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जायेगी। हड़ताल के बाद जहां कुछ कर्मचारी अभी भी काम से बाहर हैं वहीं धीरे-धीरे कुछ स्वेच्छा से आकर निर्धारित स्थान पर एम्बुलेंस चला रहे हैं। कंपनी ने बताया है कि 13 जिलों में हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई तथा 14 जिलों में एफआईआर की कार्यवाही की जा रही है। कंपनी ने यह भी कहा है कि आपातकालीन सुवायें देने के लिये कर्मचारियों के द्वार खुले हैं। वे स्वेच्छा से आकर अपनी सेवायें दे सकते हैं।