BREAKING: धान के अवैध परिवहन एवं विक्रय को रोकने, जिले के बार्डर पर बनेगें चेकपोस्ट…उडनदस्ता टीम हर गतिविधियों पर रखेगें नजर …

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश में इस बार 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले मे धान परिवहन, हमाली, व अन्य कार्यों के लिए निविदा भी शुरू हो गये है। इस वर्ष विभाग पूरी तैयारी के साथ किसानो की धान खरीदेगी। जिसमे किसी प्रकार की अव्यवस्था न आये। राज्य शासन ने निर्देश दिया है कि राज्य या जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच नाका बनाया जाएगा। ताकि दूसरे राज्य या जिलों से धान की अवैध खरीदियां रोकी जा सकें। इसके लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों व जिलों से धान लाकर सीमावर्ती के खरीदी केन्द्रों में धान के अवैध परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता टीम गठित होगी। पिछले साल अधिकारी उडनदस्ता टीम में शामिल थे। जो हर ब्लॉक में ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस बार यह काम 15 दिन पहले शुरू होगा। इसमें अनुभाग स्तर पर मंडी बोर्ड खाद्य, सहकारिता, कृषि तथा राजस्व अधिकारियों की टीम उड़नदस्ते के रूप में कार्य करने की बात कही गई है। ताकि राज्य के बाहर से बिना अनुमति आने वाले धान, बिचैलियों व कोचियों द्वारा धान खरीदी केन्द्रों में धान विक्रय पर नियंत्रण रखा जा सके। अवांछित व्यक्तियों द्वारा अन्य राज्यों से धान लाकर समितियों में अन्य किसानों के पंजीयन में खपाने का प्रयास करने पर उनके वाहन व धान जब्त किए जाएंगे। इसलिए व्यवस्था बनी है।