पति ने गमछे से गला घोंटकर अपनी तीसरी पत्नी की कर दी थी हत्या

  • खाने को लेकर हुआ विवाद अंजाम मौत

कोरिया (J.S.ग्रेवाल)

डेढ़ साल पहले एक महिला की हत्या के एक मामले में पुलिस ने आरोपी पति सहित उसकी दूसरी पत्नी एवं माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। खाना नहीं देने की बात पर उपजे विवाद में पति ने गमछे से गला घोंटकर अपनी तीसरी पत्नी की हत्या कर दी थी और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से अपनी दूसरी पत्नी व माता-पिता के साथ मिलकर शव को नाला में दफना दिया था। ग्राम पंचायत परसगढ़ी निवासी रामू पनिका उर्फ लड्डू (27) की तीन पत्नियां थीं। पहली पत्नी पायल उसे छोड़कर जा चुकी थी। दूसरी पत्नी जनकपुर निवासी सुनीता परसगढ़ी में सास व सौतेले ससुर के साथ रह रही थी जबकि रामू तीसरी पत्नी ग्राम पंचायत खैरबना निवासी बसंती पिता अखिल साय (30) के साथ रायपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी किया करता था।

घटना दिवस 18 सितबर 2014 को रामू अपनी तीसरी पत्नी बसंती को लेकर मनेन्द्रगढ़ आया। 19 सितम्बर को परसगढ़ी स्थित निवास में रात्रि में उसने बसंती को भोजन परोसने के लिए कहा तो उसने भोजन परोसने से मना कर दिया जिससे क्षुब्ध होकर आरोपी ने शराब के नशे में मदहोश होकर उसके साथ मारपीट की। रात 2 बजे पुन: दोनों में विवाद हुआ और उसी समय आरोपी गमछा से बसंती का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपनी दूसरी पत्नी सुनीता, मां शांती बाई पति स्व. राजाराम (50) एवं अपने सौतेले पिता शिवकुमार रजक उर्फ मुच्छू उर्फ बिहारी (50) ग्राम भगत तेंदुआ थाना हरिहरगंज जिला पलामू (झारखण्ड) के साथ मिलकर बसंती के शव को खाट में ले जाकर घर से कुछ दूरी पर स्थित छोरका नाला में फावड़ा से गड्ढे में उसे दफना दिया था।

इसके बाद पुलिस के भय से सभी आरोपी अपना नाम व ठिकाना बदलकर समय बिताने लगे। इधर घटना के सप्ताह भर बाद गांव की कंचन बाई छोरका नाला के पास गाय चराने के लिए गई तो उसने गड्ढे में कुत्तों के झुंड को किसी के शव को खाते हुए देखा तब उसने तत्काल इसकी जानकारी सरपंच हृदय सिंह एवं रामसकल सहित गांव के अन्य लोगों को दी।रामसकल की सूचना पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना आरंभ की गई। दूसरे दिन 28 सितबर को शव की शिनात बरकेला निवासी बसंती के रूप में होने पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि मृतिका के घर के सभी सदस्य लापता है। शक होने पर पुलिस ने उनकी खोजबीन आरंभ की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका।लगभग डेढ़ साल बाद 8 अप्रैल शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सभी आरोपियों रामू पनिका, दूसरी पत्नी सुनीता, मां शांति बाई एवं सौतेले पिता शिव कुमार रजक को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201, 34 के तहत् कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।