BREAKING : मल्दा में 200, ससहा में 64.80 बोरी धान वाहन सहित जप्त..जिले में अवैध धान संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरूद्ध सघन कार्यवाही जारी..

जांजगीर-चांपा . जिले में धान खरीदी से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम ने बुधवार को धान खरीदी केन्द्र मल्दा में एक धान व्यापारी से 200 बोरी अवैध धान वाहन सहित जप्त करने की कार्यवाही की।
कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक के निर्देश पर जिले में अवैध धान संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरूद्ध सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं सी.बी. पाण्डेय, जिला विपणन अधिकारी राजपूत, सहकारिता विभाग अधिकारी और खाद्य निरीक्षक द्वारा बम्हनीडीह विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम मल्दा धान उपार्जन केन्द्र में आवश्यक दस्तावेज के आभाव में ट्रक क्रमांक सी.जी.-11 ए.ई. 9829 में लोड 200 बोरी धान वाहन सहित जप्त करने की कार्यवाही की गई।

ससहा में 64.80 क्विंटल धान जप्त :-

धान खरीदी सतर्कता दल ने गुरूवार को पामगढ़ विकासखण्ड की ग्राम पंचायत ससहा में किराना व्यवसायी कलाराम साहू की दुकान से 162 बोरी (64.80 क्विंटल) धान आवश्यक दस्तावेज के आभाव में जप्त करने की कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही धान खरीदी सतर्कता दल पामगढ़ के नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और मंडी उप निरीक्षक अकलतरा द्वारा की गई। इसी प्रकार जिले के धान उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण कर शासन के निर्देशानुसार धान क्रय करने, उसे सुरक्षित रखने, की कार्यवाही सतर्कता दलों द्वारा की जा रही है। सहायक खाद्य अधिकारी मनोज त्रिपाठी और खाद्य अधिकारी द्वारा बम्हनीडीह और जैजैपुर विकासखण्ड के उपार्जन केन्द्र डोड़की, सोंठी, कनेटी, अड़भार, बुंदेली, बंदोरा, भाठा और फगुरम का निरीक्षण किया गया। इस केन्द्रों में कैप कव्हर से धान के स्टेक्स को ढंकने और ड्रेनेज की व्यवस्था के निर्देश दिये गये। नवागढ़ के थाना प्रभारी, खाद्य निरीक्षक, सुपरवाईजर और शिवरीनारायण के धान खरीदी सुपरवाईजर द्वारा नवागढ़ खंड के अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र नेगुरडीह, कामता का निरीक्षण किया गया और आकस्मिक बारिश की स्थिति में उपार्जित धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था कराई गई।
100 क्विंटल अमानक धान वापस :

बम्हनीडीह विकासखण्ड के अंतर्गत सतर्कता दल द्वारा नायब तहसीलदार बम्हनीडीह की अगुवाई में बुधवार को धान उपार्जन केन्द्र पोड़ीशंकर, बंसूला और लखाली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केन्द्र लखाली में कृषक जगदीश चन्द्रा द्वारा लाया गया 100 क्विंटल धान अमानक और गुणवत्ताहीन होने के कारण सतर्कता दल द्वारा धान वापस करने की कार्यवाही की गई।