राजनाथ सिंह के कांग्रेस को बिन दूल्हे की बारात वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में जुटे घायल जवानों को पुख्ता सुविधा मुहैया कराने के बजाय केन्द्रीय गृहमंत्री छत्तीसगढ़ की हवाई यात्रा में रहकर …

जांजगीर चाम्पा। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की सक्ती में चुनावी सभा में उन्होंने कांग्रेस को बिन दूल्हे की बारात कहा था। इस पर कटाक्ष करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. चरणदास महंत ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में जुटे घायल जवानों को पुख्ता सुविधा मुहैया कराने के बजाय केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह छत्तीसगढ़ की हवाई यात्रा में रहकर नरेन्द्र मोदी और डाॅ. रमन सिंह के लिए झूठा राग अलापकर चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. महंत ने कहा कि नक्सल क्षेत्र में अपनी जान पर खेलकर बीते बुधवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में चुनाव कराकर लौट रहे जवानों की पार्टी को नक्सलियों ने बारूदी विस्फोट कर उड़ा दिया। इस घटना में छह जवान बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। डॉ. मंहत ने सक्ती विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा दिए गए बयान को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के साथ साढ़े चार साल के मंत्री कार्यकाल में वे भी झूठ बोलना सिख गए हैं।

रही बात मेरे छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश और दिल्ली यात्रा की तो कांग्रेस के विभिन्न जिम्मेदार पदों व संगठनात्मक कार्यों के कारण आना-जाना लगा रहता है और यह निरंतर जारी रहेगा। देश के गृहमंत्री द्वारा इस विषय पर दिए गए गैरजिम्मेदाराना बयान का उन्हें तनिक भी उम्मीद नहीं थी। डॉ. महंत ने पहले चरण के चुनाव पर कहा कि इन सीटों पर कांग्रेस को लीड मिलेगी। पूरे छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की लहर है और जनता भी बदलाव के मूड में हैं। पिछले 15 साल भाजपा को देकर जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है और निश्चित ही इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।