लिपिक की “न्याय गुहार महारैली” कल..अब हड़ताल की तैयारी..

बलरामपुर…छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर के लिपिक मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र राजनांदगांव में एक सितम्बर को धरना प्रदर्शन करेंगे, एवं न्याय गुहार महारैली के माध्यम से सरकार का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट करेंगे।
विदित हो कि लिपिकों के बहुप्रतीक्षित वेतन विसंगति दूर करने हेतु राजस्थान सरकार की तर्ज पर चार स्तरीय वेतनमान की मांग को लेकर लिपिक पिछले कई महीनों से क्रमबद्ध हड़ताल प्रदर्शन करते रहे हैं।
लिपिकों की हड़ताल के छठवें चरण में “न्याय की गुहार महारैली” का आयोजित किया गया है।
संघ के बलरामपुर जिलाध्यक्ष रमेश तिवारी ने बताया हमारी मांग राजस्थान सरकार के अनुरूप लिपिकों का वेतन ग्रेड 1900 का  2400, 2400 का 2800 और 2800 का 4200 कर वेतन विसंगति दूर करने की मांग है।
इसके अतिरिक्त  मुख्यमंत्री द्वारा चार स्तरीय वेतनमान देने की घोषणा बिलासपुर में की गई थी, जिसको त्रुटिपूर्ण आदेश जारी कर मात्र तीन स्तरीय वेतनमान का आदेश जारी हुआ है। जो कि कर्मचारियों के साथ छलावा मात्र है। उक्त आदेश में भी उचित संशोधन हमारी मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि एक सितम्बर को राजनांदगांव में प्रदेश के हज़ारों लिपिक “न्याय गुहार महारैली” में शामिल होंगें।
यदि इसके बावजूद हमारी मांगों पर कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो प्रदेश भर के लिपिक 7 सितंबर से समस्त कार्यालयों में कामकाज बंद कर देंगे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।