बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर अंतर्गत आने वाले गृह ग्राम कुन्दीकला में छुट्टी पर आए एक सीआरपीएफ (CRPF) जवान ने पत्नी से विवाद के बाद घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी तब हुई जब जवान की मां ने सुबह उसे फंदे पर झूलता देखा और शोर मचाया। आनन-फानन में परिजन जवान को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक जवान जम्मू-कश्मीर में पदस्थ थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। बताया जा रहा है कि उनका अपनी पत्नी के साथ गंभीर विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, जवान ने करीब एक साल पहले भी जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी और उस दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया था। इस आत्मघाती कदम के बाद जवान के परिजनों ने उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
