जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान एवं अपराधियों में दहशत होनी चाहिए : गृह मंत्री ….जिस थाना क्षेत्र में सट्टा की जानकारी मिलेगी उस थाना क्षेत्र के थानेदार होंगे निलंबित ….

pwd

जांजगीर-चांपा.  प्रदेश के लोक निर्माण, गृह एवं जेल मंत्री  ताम्रध्वज साहू ने कहा कि जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना होनी चाहिए एवं अपराधियों में दहशत होनी चाहिए। यहीं पुलिस की कार्यप्रणाली होनी चाहिए और यही राज्य शासन की प्राथमिकता भी है।  साहू आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में पुलिस विभाग के अधिकारियां की बैठक लेकर यह बात कही और उनके काम-काज की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में श्री साहू ने कहा कि पुलिस को बिना डर, भय एवं बिना झिझक के अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस थाना क्षेत्र में सट्टा ख्ेलने और खिलाने की जानकारी प्राप्त होगी उस क्षेत्र के थानेदार निलंबित किये जाएंगे और संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को कारण बताओ नेटिस जारी किया जायेगा। बैठक में  साहू ने कहा कि पीड़ित व्यक्तियों का थाने में पुलिस प्राथमिक रिपोर्ट (एफआईआर) तत्काल दर्ज होनी चाहिए। बड़े आदमी का वाह और गरीबो की आह नहीं लेनी चाहिए। इस हेतु अपने कार्य पद्धति में सुधार लाने के निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने जिले में स्थापित पुलिस पेट्रोल पम्पों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिले के विकासखण्ड मुख्यालय सक्ती में पुलिस पेट्रोल पम्प की स्थापना यथाशीघ्र करने के निर्देश दिये। इसी क्रम में उन्होंने क्रमशः शेष विकासखण्डों में भी पुलिस पेट्रोल पम्प स्थापित करने के निर्देश दिये। ताकि पेट्रोल पम्पों से प्राप्त अतिरिक्त राशि का उपयोग पुलिस कर्मचारियों की सहायता के लिए की जा सके। बैठक में उन्होंने क्राइम अपराध, अवैध शराब, जुआ, अवैध कोयला परिवहन, अफीम, चरस आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। इसी तरह उन्होंने जिले में सामाजिक बुराई को दूर करने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही। इस अवसर पर चन्द्रपुर क्षेत्र के विधायक  रामकुमार यादव, जिला पंचायत के अध्यक्ष  नंदकिशोर हरबंश, कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, सभी एसडीओपी और थानेदार उपस्थित थे।