छठ पूजा में इन सभी नियमों का करें पालन… तभी मिलेगा पूजा का फ़ल…

Rules of Chhath Puja – हमारे देश में छठ पूजा प्रमुख त्यौहारों में से एक हैं। चार दिन चलने वाली छठ पूजा 28 अक्टूबर से शुरु हो चुकी हैं। इस त्यौहार पर छठी माता और सूर्य देव की पूजा-उपासना की जाती है। इस दौरान 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखा जाता है। कार्तिक माह की चतुर्थी तिथि को पहले दिन नहाय खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। छठ पूजा में संतान के स्वास्थ्य, सफलता और दीर्घायु के लिए पूरे 36 घंटे का निर्जला उपवास किया जाता है, जिसे महिलाओं के साथ ही पुरुष भी रखते हैं।

इन बातों पर ध्यान देना चाहिए…

प्रसाद बनाते समय रखें विशेष ध्यान- छठ पूजा के समय प्रसाद में लगने वाले सभी अनाजों की सफाई अच्छे से करना जरूरी है। इसे घर पर ही धोकर, कूटकर और पीसकर बनाया जाता है। इस दौरान चिड़िया अनाज को जूठा न करे, उसका भी विशेष ध्यान रखा जाता है। छठ के प्रसाद में काम आने वाला अनाज में गलती से भी पैर नहीं लगना चाहिए। ऐसा करने से छठी मईया नाराज हो सकती हैं।

नया चूल्हा- कोशिश करें की छठ का प्रसाद बनाते समय नए चूल्हे का ही प्रयोग करें। चूल्हा ऐसा हो जिसे रोज लीपा जा सके। अगर आप गैस का प्रयोग करते हैं, तो नए स्टोव का प्रयोग करना चाहिए। जिसे हर साल केवल छठ के दिन ही निकाला जाता हो। छठ पूजा में पहले इस्तेमाल किए गए चूल्हे का दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जाता।

प्राकृतिक वस्तुओं का ही प्रयोग करें- पूजा के लिए बांस से बने सूप और टोकरी का ही इस्तेमाल करना होता है। छठ पूजा के दौरान कभी स्टील या शीशे के बर्तन प्रयोग नहीं करना चाहिए। प्रसाद भी शुद्ध घी में बनाया जाता है। इसमें फलों का ही प्रयोग किया जाता है। ऐसे में इन बातों का व्रती को खास ख्याल रखना चाहिए कि स्टील और कांच के बर्तनों का प्रयोग न हो।