गुजरात में बने चक्रवात का असर पड़ा मध्यप्रदेश मे, 3 घंटे में गिरा तापमान

भोपाल. राजधानी में शनिवार को दिनभर तेज हवाएं चलती रहीं। शाम से बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक राजधानी को भिगोती रही। बारिश की वजह से रात 11:30 बजे ही तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी एक ही दिन में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
मौसम केंद्र के मुताबिक, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम है। शुक्रवार को यह 25.9 डिग्री सेल्सियस था। वहीं न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को यह 13.5 डिग्री सेल्सियस था।
गुजरात में बने चक्रवात का असर
गुजरात और निकटवर्ती क्षेत्रों में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसकी वजह से प्रदेश में काफी मात्रा में नमी आ रही है। पिछले तीन दिनों से बादलों के छाने से वातावरण पहले से काफी ठंडा हो चुका है। इन मिलेजुले प्रभावों की वजह से तेज सर्दी का अहसास हो रहा है।
शाम को बूंदाबांदी के शहर का तापमान तीन घंटे में ही 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। शाम 5:30 बजे तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि रात 8: 30 बजे तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस था।
यहां भी बारिश
प्रदेश के राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, सतना, रीवा, मलाजखंड, खजुराहो समेत कई इलाकों में बारिश हुई।
…और बढ़ेगी ठंड 
बादल साफ हो जाएंगे। हालांकि ठंड का प्रभाव कम नहीं होगा। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जबकि दिन का तापमान बढ़ सकता है।