पति ने लगाई फांसी तो पत्नी तीसरी मंजिल से कूदी… 3 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

लखनऊ। लखनऊ में पारा के हंसखेड़ा स्थित पुरानी काशीराम कालोनी में रह रहे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति को फांसी पर लटका देख आहत पत्नी ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। यह देख देख बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची गंभीर रूप घायल महिला को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजवाया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

निशातगंज निवासी सुहैल (22) ने तीन महीने पहले सिद्धार्थनगर निवासी शाजिया से प्रेम विवाह किया था। काम से लौटते वक्त सुहैल समोसे लेकर आया था। पति-पत्नी नाश्ता कर रहे थे। तभी उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। विवाद के बाद सुहैल ने पत्नी शाजिया को सिगरेट लाने के लिए बाहर भेज दिया। कुछ देर बाद शाजिया वापस लौटी तो पति का शव कमरे में फंदे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। वह बदहवास हालत में कमरे से बाहर भागी और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पलक झपकते शाजिया फर्श पर खून से लथपथ पड़ी नजर आई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। आस-पास के लोगों ने सुहैल के घर हुए हादसे की जानकारी पुलिस को दी थी। इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मुताबिक शाजिया की हालत नाजुक है। ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। सुहैल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

सुहैल की मां का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर शव फांसी के फंदे से लटकाया गया है। बेटे और बहू के बीच किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। वहीं इस बारे में पारा इंस्पेक्टर राजेश कुमार का कहना है कि अभी ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है। परिवार की ओर से अभी तक कोई ऐसी तहरीर भी नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।