पूर्व सीएम को कार्यकर्ता ने खून से खत लिखकर दी दीवाली की शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक सपा कार्यकर्ता ने खून से पत्र लिखकर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को दिवाली की शुभकामना दी है। समाजवादी पार्टी के इस कार्यकर्ता का नाम आदिल जलीस है। जलीस का कहना है कि पार्टी के युवा कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। आदिल ने अपना एक वीडियो भी बनाकर खत के साथ भेजा है। वीडियो में भी आदिल समाजवादी पार्टी और मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव को दिवाली की ढेर सारी शुभकामनाएं और 2022 में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

आदिल के साथ कुछ और युवाओं ने समाजवादी पार्टी, मुलायम सिंह यादव और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से प्रदेश में अगले साल होने वाला चुनाव जीतने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया और संघर्ष में उनका साथ देने की अपील की। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश में दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अबकी बार 2022 में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनेगी तो युवाओं को विशेष फायदे होंगे जैसे नई-नई यूनिवर्सिटी बनेंगी, जिससे समाजवादी पार्टी युवा छात्रों के भविष्य को संवारने का कार्य करेगी।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कि वे लोग अबकी बार अपनी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में किए गए विकास कार्य को गिनाने का कार्य करेंगे। जनता के बीच जा-जा कर सपा के विकास कार्यों को बताएंगे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि, समाजवादी पार्टी ने अपनी सरकार में युवा छात्रों के लिए अहम योजनाएं चलाई थीं। सरकार ने छात्रों को लैपटॉप भी वितरित किए थे। ऐसे ही अबकी बार युवा छात्रों के लिए समाजवादी पार्टी नया सवेरा लेकर आएगी।