OMG: शादी की पहली सालगिरह पर पति की हैवानियत… रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच काट डाला पत्नी का गला

करौली। राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन रेलवे स्टेशन पर दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी शादी की पहली वर्षगांठ पर पत्नी को ऐसा दर्दनाक तोहफा दिया जिसे शायद ही वह उम्रभर भूल पाये। पति ने शादी की पहली सालगिरह पर रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच अपनी पत्नी का चाकू से गला रेत दिया। गनीमत रही कि वह बच गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के समय महिला के पिता और उसकी बहन भी साथ थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घायल महिला को हिंडौन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में सूचना पर अस्पताल पहुंची नई मंडी थाना पुलिस ने घायल महिला का बयान लिया है। हमले के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

टोडाभीम के गांव डोरावली निवासी प्रेमराज ने बताया कि उनकी दो पुत्रियों भावना और पूनम की शादी 25 अप्रैल 2021 को हिंडौन की आनंद विहार कॉलोनी निवासी विनीत तथा राजकुमार के साथ हुई थी। दोनों दामाद पुत्रियों के साथ दिल्ली में रहते हैं। एक दामाद ठेकदारी करता है। दूसरा दामाद विनीत पढ़ाई कर रहा है। 25 अप्रैल (सोमवार) को वह नई दिल्ली से अपनी दोनों पुत्रियों और दामाद विनीत के साथ जनशताब्दी ट्रेन से हिंडौन आये थे। उस दिन उनकी दोनों बेटियों की शादी की पहली सालगिरह थी।

ससुर ने दी दामाद के खिलाफ रिपोर्ट

वह रेलवे स्टेशन पर सामान लेकर आगे चल रहे थे। इस बीच दामाद विनीत ने उनकी पुत्री भावना का चाकू से गला रेत दिया और फरार हो गया। इससे वह घबरा गये। वह लहूलुहान बेटी को लेकर हिंडौन के राजकीय अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती कराया। पीड़िता के पिता ने आरोपी दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए नई मंडी थाने में तहरीर दी है। नई मंडी थाने के एएसआई टीकम सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला के बयान दर्ज किए हैं। घटना रेलवे स्टेशन की होने के कारण रेलवे पुलिस में मामला दर्ज कराने को कहा गया है।

हिंडौन रेलवे स्टेशन अचानक हुई घटना से वहां अफरातफरी मच गई। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही आरोपी वहां से भाग छूटा। स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी घटना की जानकारी लेते रहे। विनीत ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला क्यों किया इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। बहरहाल घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। नई मंडी थाना अधिकारी गिर्राज प्रसाद का कहना है कि महिला के पति द्वारा चाकू मारने की घटना रेलवे स्टेशन पर हुई है। घटना स्थल को देखते हुए मामला रेलवे पुलिस में दर्ज होगा।