शादी के चार दिन बाद दुल्हन चकमा देकर फरार… सोने के गहने और नगदी भी पार… करवा चौथ के व्रत की कर रहे थे तैयारी

अंबाला। एक दुल्हन शादी के महज चार दिन बाद ही चकमा देकर फरार हो गई है। दुल्हन साथ में सोने के गहने और नकदी भी ले गई है। अब पीड़ित परिजनों ने पुलिस को इसकी शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के मुताबिक अंबाला के सरकपुर निवासी अमित की शादी 29 अक्टूबर को राजौली डेरा निवासी सुजाता के साथ हुई थी। शादी के चार दिन बाद बहू अचानक फरार हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई ।

सरकपुर निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटे अमित की शादी हुई थी । शादी के दो दिन बाद बहू ने 12वीं कक्षा के कंपार्टमेंट के पेपर भी दिये थे। इसके बाद दुल्हन फरार हो गई।

परिजनों ने बताया कि करवा चौथ के पहले दिन दुल्हन ने अपने पति का फोन लेकर सारा डाटा डिलीट कर दिया। उसके बाद शातिर दुल्हन ने किसी तरह से पति से लड़ाई झगड़ा किया और रात को करीब 11 बजे जब पति सो गया तो पत्नी रात को ही फरार हो गई।

सूचना पीड़ित ने अपने परिजनों को दी। इसके बाद पूरा परिवार रात भर अपनी नई नवेली बहू को ढूंढने में लगा रहा। लेकिन वह नहीं मिली। सुबह तीन नवंबर को पति ने अपने ससुराल में संपर्क किया तो पता चला कि दूल्हन ने अपनी मां को भी नहीं बख्शा, वह उसकी भी सोने की चेन पर हाथ साफ कर गई।

बलदेव नगर चौकी इंचार्ज वरयाम सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष सुबह आए थे। लेकिन दोनों पक्षों में समझौता की बात जारी थी लेकिन शिकायत दोनों पक्षों में से किसी ने नहीं दी। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।