लंबी दाढ़ी को राहुल गांधी ने किया बाय-बाय… लंदन पहुंचते ही इस नए कूल लुक में आए नजर

नई दिल्ली. भारत जोड़ो यात्रा पूरी करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को ब्रिटेन पहुंचे। लंदन पहुंचते ही राहुल गांधी अब नए रूप में नजर आ रहे हैं। महीनों तक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने दाढ़ी बढ़ा रखी थी, जिसकी पूरे देश में चर्चा हो रही थी। अक्सर लोग उनकी की दाढ़ी को लेकर सवाल कर रहे थे। इस बीच लंदन पहुंचते ही उन्होंने नया लुक धारण कर लिया है। राहुल गांधी ने महीनों से बढ़ाई हुई दाढ़ी को कटवा लिया है और बाल भी छोटे करा लिए हैं। राहुल गांधी की एक फोटो सामने आई है, जिसमें दाढ़ी कटी हुई नजर आ रही है। उन्होंने कोट-टाई पहनी हुई है, ऊपर से जैकेट भी पहन रखा है।

बता दें कि राहुल गांधी सात दिवसीय दौरे की शुरुआत कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर के साथ करेंगे। इस दौरान भारतीय प्रवासी समूह को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी ‘लर्निंग टू लिसन इन द 21वीं सेंचुरी’ विषय पर छात्रों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह ‘बिग डेटा एंड डेमोक्रेसी’ और इंडिया चाइना रिलेशंस पर भी बात करेंगे। कैम्ब्रिज जेबीएस ने ट्वीट कर कहा कि हमारा कैम्ब्रिज भारत के प्रमुख विपक्षी दल के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का स्वागत कर खुश हैं। वह आज लर्निंग टू लिसन इन द 21 वीं सेंचुरी के विषय पर कैम्ब्रिज जेबीएस को संबोधित करेंगे।

वहीं राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि मैं अपने मातृ संस्थान यूनिवर्सिटी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जाकर वहां लेक्चर देने को लेकर उत्सुक हूं। मैं वहां बिजनेस स्कूल के छात्रों को संबोधित भी करूंगा। इस दौरान जियोपॉलिटकल, इंटरनेशनल रिलेशंस, डेटा और डेमोक्रेसी सहित कई मुद्दों पर प्रतिभावान छात्रों से बात करूंगा। इस महीने की शुरुआत में, बिजनेस स्कूल ने ट्विटर पर आगामी यात्रा की पुष्टि की थी।

बता दें कि राहुल गांधी साल 2022 में भी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी गए थे। उस समय यूनिवर्सिटी में उनके बयान को लेकर खूब बवाल हुआ था। राहुल गांधी ने Ideas For India कांफ्रेंस में मोदी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार संसद और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को काम नहीं करने दे रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी पार्टी भारत को फिर से हासिल करने के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा था कि भाजपा लोगों की आवाज को दबा रही है। जबकि हम लोगों की आवाज को सुनने के लिए काम कर रहे हैं।