जीत के बाद सरगुजा जिला पंचायत उपाध्यक्ष का एलान.. 10 महीने बाद आदित्येश्वर संभालेंगे उपाध्यक्ष की कमान!.

adityeshwar-singhdeo-rakesh-gupta

अम्बिकापुर। 15 साल बाद सरगुजा जिला पंचायत में कांग्रेस ने वापसी की है। शुक्रवार को जिला पंचायत के सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें जिला पंचायत के दोनों बड़े पदों पर कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने कब्जा कर लिया। अध्यक्ष कांग्रेस समर्थित मधु सिंह व उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता बने।

10 महीने बाद आदित्येश्वर होंगे उपाध्यक्ष

इस जीत के बाद उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एलान किया, कि वो 31 दिसंबर 2020 तक, 10 महीनों के लिए ही उपाध्यक्ष रहेंगे। जिसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष की कमान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव संभालेंगे। राकेश गुप्ता ने कहा कि आदि बाबा चुनाव जीतकर आए हैं. इतने पढ़ें लिखें व्यक्ति के व्यक्तित्व का उपयोग नहीं करें, तो उचित नहीं रहेगा। इसलिए 10 महीने बाद आदित्येश्वर शरण सिंहदेव उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।

10 महीने नहीं, पूरा जीवन साथ काम करेंगे – राकेश

उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के बारे में जो कहा है वो अपने पूरे विवेक से सोच कर कहा है। हमलोग मिलकर हमेशा 10 महीने नहीं, 5-10 साल, पूरा जीवन हम साथ काम करेंगे। ये बहुत बड़ा विषय नहीं है। एक चेहरे के रूप में कोई भी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनता है। संगठन और टीएस सिंहदेव का नेतृत्व यहां काम करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री के भतीजे हैं आदित्येश्वर

गौरतलब है कि आदित्येश्वर शरण सिंहदेव सरगुजा राजपरिवार के सदस्य और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे हैं। आदित्येश्वर ने इस पंचायत चुनाव से राजनीति में कदम रखा है। राकेश गुप्ता के साथ आदित्येश्वर भी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 02 से सदस्य चुने गए हैं।

इसे भी पढ़ें –

बलरामपुर जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुन लिए गए निर्विरोध.. निशा बनी अध्यक्ष तो राधा सिंहदेव बनी उपाध्यक्ष..