छत्तीसगढ़ : घर में ही घिर गए MLA बृहस्पति सिंह, प्रदेश प्रभारी पुनिया ने क्या भरोसा जताया है ये भी पढ़िए

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह अपने ही घर में घिरे हुए नजर आ रहे हैं। सरगुजा संभाग से सिंहदेव समर्थकों के निशाने पर आ गए हैं। यहां तक उनके खुद के जिले के कांग्रेस नेताओं ने उन पर मौका परस्त होने और सिंहदेव के खिलाफ झुठा बयान देने का आरोप लगा दिया है। साथ ही स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों ने बृहस्पति सिंह के खिलाफ कार्रवाई तक की मांग कर दी है। वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

बृहस्पति सिंह द्वारा स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के खिलाफ खुलकर बयान देने और उन पर हत्या की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अम्बिकापुर से बलरामपुर तक स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बृहस्पति सिंह के खिलाफ मोर्च खोल दिया है उन पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की जा रही है। उनके गृह जिले बलरामपुर तक में उनके खिलाफ यूथ कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, पार्टी के जिला अध्यक्ष ने पहले ही विधायक पद से इस्तीफा दे देने की मांग की है।

इधर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा है कि हम टीएस सिंहदेव की भावना को समझते हैं इसके मद्देनजर विधायक बृहस्पति सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया है कि कल पूरा मामला शांत हो जाएगा, हालांकि क्या सरकार इस मामले में कोई बयान जारी करेगी इस पर उन्होंने कहा कि इस पर सरकार तमाम विधायकों की राय पर फैसला लेगी।