मुख्यमंत्री ने किया चार पुस्तकों का विमोचन

 

रायपुर, 02 मार्च 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने यहां अपने निवास में छत्तीसगढ़ राष्ट्र भाषा प्रचार समिति द्वारा आयोजित एक सादगीपूर्ण समारोह में प्रदेश के चार लेखकों की चार पुस्तकों का विमोचन किया।इनमें श्री रावलमल जैन ‘मणि’ की पुस्तक ‘मनोपचार कथाएं’ श्री संजीव बख्शी की पुस्तक ‘खैरागढ़’, डॉ. सुशील त्रिवेदी की पुस्तक ‘शताब्दियों के हस्ताक्षर’ और श्री गिरीश पंकज के व्यंग्य संग्रह ‘समाजवादी मच्छर’ शामिल हैं।
डॉ. रमन सिंह ने विमोचन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय निकालकर किताबें जरूर पढ़नी चाहिए। किताबों में ज्ञान का भण्डार होता है। इसलिए ज्ञान बढ़ाने की दृष्टि से पढ़ने की आदत हर व्यक्ति में होनी चाहिए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साहित्यकारों में लेखन की गजब की क्षमता और प्रतिभा है। साहित्य से देश और समाज को चिन्तन मनन की दिशा मिलती है। मुख्यमंत्री ने लेखकों को उनकी पुस्तकों के प्रकाशन पर बधाई और शुभकामनाएं दी। विमोचन समारोह में श्री रावलमल जैन ‘मणि’ और श्री गिरीश पंकज अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो पाए थे।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में साहित्यकारों की उपस्थिति मेरे लिए गर्व का विषय है। साहित्य साधकों की मौजूदगी हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। छत्तीसगढ़ हिन्दी ग्रंथ अकादमी के संचालक श्री रमेश नैयर और बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.डी.आर. चन्द्रा ने भी समारोह को सम्बोधित किया। आभार प्रदर्शन डॉ. सुशील त्रिवेदी ने और कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधीर शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पद्मश्री सम्मानित डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय तथा अनेक स्थानीय साहित्यकार और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।