महिला कर्मचारियों की बैठकें सिर्फ कार्यालयीन समय में होंगी : श्रीमती रमशीला साहू

प्रदेश के विकास में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण : श्रीमती रमशीला साहू

रायपुर, 11 जनवरी 2014

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू ने अपने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब उनके विभाग की महिला कर्मचारियों की किसी भी प्रकार की विभागीय समीक्षा बैठक सिर्फ कार्यालयीन समय में आयोजित की जाए। 3330cccकार्यालयीन समय के बाद इस प्रकार की कोई बैठक न हो। श्रीमती साहू ने आज यहां राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में यह जानकारी दी। श्रीमती साहू ने यह भी कहा कि उनके विभाग में जिन महिला पर्यवेक्षकों की परीविक्षा अवधि पूरी हो गयी है, उन्हें तत्काल नियमित किया जाएगा। पदोन्नति और वेतन विसंगतियों के मामलों का भी समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए जाएंगे। इस अवसर पर आयोजकों ने श्रीमती रमशीला साहू का अभिनंदन किया।
स्थानीय जल विहार कालोनी में आयोजित समारोह में श्रीमती साहू ने अपने सम्मान के लिए कर्मचारी संघ और महिला प्रकोष्ठ के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उन योजनाओं का फायदा जरूरतमंद लोगों तक पहंुचाने का भी दायित्व होता है। छत्तीसगढ़ के अधिकारी और कर्मचारी इस दिशा में निश्चित रूप से अपनी सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों की दृष्टि से अत्यन्त धनी राज्य है। देश के इस नये राज्य में भी विकास की अपार संभावनाएं है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश निरन्तर विकास की ओर अग्रसर है। महिला सशक्तिकरण को भी राज्य सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है क्योंकि किसी भी देश, राज्य और समाज के विकास में नारी शक्ति का भी योगदान महत्वपूर्ण होता है। श्रीमती साहू ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए राज्य कर्मचारी संघ और महिला प्रकोष्ठ को बधाई दी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री श्री पूरन सिंह पटेल, संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सी.एम. सिन्हा, संगठन मंत्री श्री अरविन्द ओझा, महिला एवं बाल विकास प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकुमारी साहू सहित श्रीमती उषा झा, श्रीमती उषा तिवारी, सुश्री असीमा कुण्डू और श्रीमती सरिता सिंह सहित कर्मचारी संघ के सदस्य बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित थे। सभी पदाधिकारियों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू का आत्मीय स्वागत किया।