सरगुज़ा में प्रेमी जोड़े ने लगाई फांसी… सड़ चुके थे दोनों के शव…

अम्बिकापुर। सरगुजा में एक प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। जीते जी वह साथ नहीं रह सके, तो मरने की राह चुन ली। युवक-युवती दोनों ने पेड़ की एक ही डाल से फंदा लगाकर जान दे दी। जब तक उनकी मौत के बारे में पता चला दोनों के शव सड़ चुके थे। ऐसे में उनके संबंधों से जो लोग खुश नहीं थे, उन्हीं ने फिर युवक-युवती दोनों के शवों को एक साथ कब्र में दफनाया। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मनरेगा में काम करने वाले मजदूर मंगलवार को जाराकेला के जंगल की ओर से निकले तो तेज बदबू आ रही थी। इस पर उन्होंने चौकीदार को सूचना दी और साथ जाकर देखा तो पेड़ की डाल पर दो शव सड़ी-गली हालत में लटक रहे थे। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान हो गई है। युवक रफेल राम (26) जाराकेला और युवती सीतापुर की रहने वाली थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था। इसको लेकर दोनों के परिजनों को भी जानकारी थी, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण वे शादी के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस को आशंका है कि इसी के चलते दोनों ने एक साथ खुदकुशी कर ली। दोनों की मौत से परिजन काफी दुखी थी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों की मंशा थी कि उनकी शादी नहीं हो सकी तो कब्र में ही एक साथ रहें।

पांच दिन पहले घर से निकले थे दोनों पुलिस ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में पता चला 24 मार्च को दोनों अपने-अपने घर से निकले थे। इसके बाद से दोनों का पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने इनके लापता होने कीजानकारी भी संबंधित थानों में नहीं दी। परिजन यह संभावना जता रहे थे कि एक-दो दिन बाद दोनों अपने घर लौट आएंगे। दोनों के शव एक ही डाल में अलग-अलग गमछे से लटक रहे थे। दोनों का चेहरा आमने-सामने था। पेड़ के नीचे में उनके चप्पल व शॉल पड़ा था।