अम्बिकापुर : केंद्रीय जेल में सजा काट रहे बंदी की मृत्यु… अब होगी मजिस्ट्रेट जांच…

अम्बिकापुर। कलेक्टर संजीव कुमार झा के द्वारा केन्द्र जेल अम्बिकापुर में परिरूद्ध दण्डित बंदी हिलेन मझवार की मृत्यु की दाण्डिक जांच के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी अम्बिकापुर अजय त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। दण्डाधिकारी द्वारा जांच पूर्ण कर सुसंगत अभिलेखों सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए 1 माह की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कोरिया जिले के अंतर्गत ग्राम तेलईधार थाना बैकुण्ठपुर निवासी केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में परिरूद्ध दण्डित बंदी हिलेन मझवार, आत्मज लाला मझवार, उम्र 60 वर्ष आजीवन कारावास का सजा भुगत रहा था। उक्त बंदी को केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर के जेल चिकित्सक के परामर्श पर 22 फरवरी 2021 को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर भेजा गया था। जहां उपचार के दौरान 22 फरवरी 2021 को ही प्रातः 06ः52 बजे उक्त बंदी की मृत्यु हो गई।

दण्डाधिकारी जांच में जेल में प्रवेश के समय बंदी के स्वास्थ्य की क्या स्थिति थी, बंदी कब बीमार हुआ था तथा उसे ईलाज के लिए जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर कब भेजा गया, क्या बंदी अचानक बीमार हुआ और उसकी मृत्य हो गई या पूर्व से उसका ईलाज किया जा रहा था, बंदी का ईलाज कब-कब और किसके द्वारा किया गया तथा उसे कौन-कौन सी औषधियां दी गई, बंदी किस बीमारी से ग्रस्त था, क्या बंदी को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, क्या बंदी को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में कोई लापरवाही बरती गई, यदि ऐसा हो तो विलंब या लापरवाही के लिए दोषी अधिकारी एवं कर्मचारी कौन-कौन हैं। क्या बंदी को शारीरिक या मानसिक यातना दी गई यदि ऐसा है तो इसके लिए दोषी अधिकारी या कर्मचारी कौन-कौन हैं। इन सभी बिन्दुओं को शामिल किया गया है।