अम्बिकापुर : किसानों के समर्थन में सड़क पर बैठे कांग्रेसी, किया चक्काजाम, सड़क के दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें

अम्बिकापुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू कृषि कानून को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ किसान दिल्ली के बॉर्डर पर इस कानून को वापस लेने के लिए आंदोलन कर रहे है। तो वही देश की प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस किसानों के समर्थन में हर मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है।

किसान विरोधी कानून को लेकर देश के किसान संगठनों ने 6 फरवरी के दिन 3 घंटे चक्काजाम का देशव्यापी आह्वाहन किया था। जिसके समर्थन में आज सरगुजा में कांग्रेसियों ने किसानों के साथ सड़क पर बैठकर 3 घंटे चक्काजाम किया और कृषि कानून को लेकर विरोध जताया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गयी थी।

किसानों के साथ चक्काजाम पर बैठी सरगुजा जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री किसानों के साथ अन्याय कर रहे हैं। जिसके विरोध में अम्बिकापुर में चक्काजाम किया गया है। देश के किसान जो भी निर्णय लेंगे हम उनके साथ हैं और इस लड़ाई में हमें जिस हद तक जाना पड़े हम जाएंगे।