अम्बिकापुर: हर्बल गुलाल से खेली जाएगी होली, मुखौटों पर रहेगा प्रतिबंध

अम्बिकापुर। होली और शब-ए-बारात शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायी जाएगी तथा होली में हर्बल गुलाल के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। होलिका दहन में गो-काष्ट का उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। कलेक्टर संजीव झा ने अम्बिकापुर शहर की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एसडीएम प्रदीप साहू को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
       
अम्बिकापुर तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी ने बताया कि होली का त्यौहार उमंग, उल्लास औऱ भाईचारा का त्यौहार है। लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। होलिका दहन केवल चिन्हांकित स्थानों पर किया जाएगा। होली में हर्बल रंगों का प्रयोग किया जाएगा। इस बार फेस मास्क या मुखौटों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है।

होली में डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। दुकानों में राजस्व विभाग, नगर निगम  तथा पुलिस विभाग के द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए मुखौटों तथा हानिकारक केमिकलयुक्त रंग (गीला या सूखा) जो स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं, को जब्त कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।