रामानुजगंज विधायक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ लिपिकों का नववर्ष मिलन समारोह…

बलरामपुर.. छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा बलरामपुर के द्वारा नववर्ष मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह शामिल हुये।

कार्यक्रम में संघ के प्रांतीय एवं संभाग के पदाधिकारियों के अतिरिक्त जिले भर के 300 से अधिक लिपिक सम्मिलित हुए। गीत संगीत के कार्यक्रम के साथ ही नव वर्ष पर लिपिकों की बहुप्रतीक्षित माँग वेतन विसंगति दूर करने के संबंध में मुख्य अतिथि से माँग की गई।

विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि लिपिक शासकीय कार्य के महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कोई भी अधिकारी जब नया आता है, तो लिपिक ही उनको कार्य करने का तरीका और मौलिक जानकारी उपलब्ध करवाते हैं।
लिपिकों के महत्वपूर्ण पद के बावजूद वेतनमान में जो विसंगति है, उसे दूर करने के लिये हर संभव प्रयास किया जायेगा।

इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा उपरांत यथाशीघ्र इसका निराकरण किया जायेगा। इसके लिये हर स्तर पर उनके द्वारा सहयोग किया जायेगा। उपस्थित लिपिकों ने करतल ध्वनि एवं जयघोष के साथ विधायक का समर्थन किया। इस अवसर विधायक के द्वारा लिपिक संघ जिला बलरामपुर के कलेण्डर का विमोचन भी किया गया।

आज सेवानिवृत्त हुये लिपिक रामप्रसाद मेहता जी को विधायक के द्वारा साल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वन कर्मचारी संघ के संरक्षक लखन मिश्रा एवं पी.एस.सी. टॉपर प्रशांत कुशवाहा के पिता सूर्यप्रताप कुशवाहा को भी विधायक ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में प्रांताध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ शोभा श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप प्रांताध्यक्ष हरिशंकर सिंह, उप प्रांताध्यक्ष खालिद जफर उस्मानी, प्रांतीय महामंत्री रोहित तिवारी, चंद्रमणी मिश्रा, प्रांतीय सचिव इम्तियाज अहमद, संभागीय अध्यक्ष बिलासपुर हेमंत बघेल, सहित जिले भर के सैकड़ों लिपिक सम्मिलित थे। मंच संचालन एसडी दुबे एवं आभार प्रदर्शन जिलाध्यक्ष रमेश तिवारी ने किया।