खेल के प्रति डी.पी.एस. बालकोनगर के विद्यार्थियों का जज्बा सराहनीय: रमेश नायर

DSC_0105कोरबा(बालकोनगर)
स्थानीय डी पी एस बालको में खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। वार्षिक खेल महोत्सव के प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि श्री रमेश नायर, सी. ई. ओ. बालको ने अपने उद्बोधन में कहा ‘‘खेल के प्रति छात्रों की ललक और जज़्बा को देखते हुए यह कहना उचित होगा कि डी पी एस बालको के छात्र आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं वरन् अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खेल का ऐसा महाकुंभ देखकर मैं गदगद हो गया हूँ।’’
स्कूल के प्राचार्य डाॅ. राम सिंह ने कहा, ‘‘ खेल आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है। अब शिक्षा को किताबों तक सीमित नहीं रख सकते। सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल और अन्य गतिविधि भी शिक्षा के अनिवार्य अंग हैं। खेल से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रहता है वरन् अपना व्यक्तित्व विकास भी करता है। खेल व्यक्ति के दिमाग को तेज भी बनाता है। खेल से इनसान अपना बेहतर कैरियर तो बनाता ही है साथ ही प्रसिद्ध भी होता है।’’ आपने आगे कहा ‘‘डी पी एस बालको के विद्यार्थियों ने इस खेल महोत्सव में न केवल बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया बल्कि पूरे समय लगाव के साथ अनुशासन और खेल भावना को बनाए रखा यह इस बात को दर्शाता है कि उनके भीतर खेल के प्रति सम्मान है। यह सम्मान भावना और लगाव खेल में प्रगति करने के लिए पर्याप्त है।’’
समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रभात मिश्रा आई एफ एस, डी एफ ओ कोरबा ने अपने उद्बोधन में कहा ‘‘खेल व्यक्तित्व विकास का सहज और सरल जरिया है। इससे व्यक्ति में अनुशासन और कार्यक्षमता का सहज ढंग से विकास होता है। डी पी एस बालको के इस भव्य खेल महोत्सव को देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता चल रही हो। छात्र-छात्राओं का उत्साह काबिले तारीफ है।’’
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। इन कार्यक्रमों में भारतीय नृत्य कला की अमिट छाप छोड़ने वाला नृत्य सत्यम् शिवम् सुंदरम कक्षा पाँचवी छठवीं की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया वहीं सातवीं-आठवीं की छात्राओं ने मटका नृत्य कर दर्शकों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। जहाँ कक्षा पहली-दूसरी के छात्र-छात्राओं ने बरस रही है रौशनी गीत पर नृत्य कर कार्यक्रम को जहाँ रौशन किया वहीं चक दे इंडिया डाँस ने लोगों में नया उत्साह भर दिया। समापन सत्र के दौरान प्रस्तुत नृत्य जादू और अजीमों शान शहंशाह ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इन सब से हटकर सैनिक नृत्य ने लोगों में देशभक्ति की भावना भर दी।
खेल के इस महाकुंभ के विविध प्रतियोगिताओं में सैकड़ों छात्रों को पुरस्कृत किया गया। जिनमें नर्सरी से पाँचवीं तक की विविध प्रतियोगिताओं के लिए ओम, प्रेरणा, रोहन, जूही, आर्यमान, श्रीधर, सूर्या, जतिन्द्र, प्रियंका, साहिल, जागृति, दीपक, रिया, पीयूष, प्रियांशी, ईवान तथा प्रकृति, को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विविध प्रतियोगिताओं में राजेन्द्र, किरण, रोहित, श्वेता, सौभिक, रीमा, आर्यन, सेजल, गापेश, यशवंत, सौम्य, क्षितिज, प्रभजोत, आस्था, प्रतिमा, सारा तथा इशिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवमी से ग्यारहवीं तक की विविध प्रतियोगिताओं में इजाम, नसरीन, शरद, अंजली, प्रसून, शिवांगी, आशीष, स्वाति, नीलय, निकिता, निधि, सरिता, यश, प्रियेश, गौरव तथा भूमिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षकों एवं अभिभावकों की भी प्रतियोगिता हुई। चक दे इंडिया नृत्य को प्रथम, मार्च पास्ट में सतलज हाउस को प्रथम तथा बेस्ट हाउस में रावी हाउस को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्ज्वलित कर तथा गुब्बारे छोड़कर किया गया। अतिथियों के स्वागत के लिए दीक्षा, नित्या, मधु, सुभाशीष, अंशुल, नूर तथा साथियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसी बीच अतिथियों को बैच लगाकर तथा इकोफ्रेंडली पौधा प्रदान कर भी स्वागत किया गया। खेल आरंभ होने के पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा सैनिक अंदाज़ में मार्चपास्ट किया गया। मार्चपास्ट के छात्रों ने मुख्य अतिथि को शाही अंदाज़ में सलामी दी। इसी बीच मुख्य अतिथि ने प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री पी आर कुंभकार सी एम ओ कोरबा एवं श्री दीपक प्रसाद वाइस प्रेसीडेंट एवं हेड अल्युमिनियम बिजनेस वेदांता बालको की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्री सतीश शर्मा प्राचार्य डी पी एस एन टी पी सी, श्री राजशेखर राव प्राचार्य डी ए वी कोरबा, श्रीमती मृदुला तोमर प्राचार्य डी ए वी कुसमुंडा, श्री संजय गुप्ता प्राचार्य डी डी एम कोरबा, श्री ए पी सिंह प्राचार्य सेंट जेवियर स्कूल, श्री डी एस राव प्राचार्य न्यू एरा स्कूल, सुश्री अंबिका मेरी प्राचार्य निर्मला पब्लिक स्कूल, श्री एन सिंह प्राचार्य बिकन पब्लिक स्कूल, श्री नारायण सिंह चंद्रा प्राचार्य सर्वमंगला पब्लिक स्कूल दीपका, श्री डी जी यादव प्राचार्य सेंट विंसेंट पलौटी स्कूल कोरबा ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रेया सिंह, अविनाश, तुजान, सुमेधा तथा आस्था ने किया तथा कमेंट्री में रोमा, कृतिका, अनंता, पीयूष, साकिब, सुमन, श्रीयुत, गरिमा, चैतन्य तथा सिद्धार्थ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।